Monsoon Rain: यूपी में 18 जुलाई को होगी मॉनसूनी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

यूपी तक

• 07:15 PM • 17 Jul 2026

Monsoon Rain: उत्तर प्रदेश में 18 जुलाई से मॉनसून रफ्तार पकड़ेगा. मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के बलिया, गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और पूरे प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी कर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

UP Weather Update

UP Weather Update

Google CTA

Monsoon Rain: उत्तर प्रदेश में भीषण उमस और गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 18 जुलाई से प्रदेश में मॉनसून की सक्रियता बढ़ने वाली है. ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बौछारें पड़ेंगी. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.

यह भी पढ़ें...

18 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी यूपी के संभाग में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की बहुत संभावना है. इस क्षेत्र के कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं पश्चिमी यूपी के संभाग में कुछ स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. हालांकि यहां के कुछ हिस्सों में उमस भरी स्थिति भी बनी रह सकती है.  इसके अलावा पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है. 

किन-किन जिलों में है बारिश और बिजली का अलर्ट? 

मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई की सुबह से लेकर 19 जुलाई की सुबह तक उत्तर प्रदेश के बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर में बारिश का अलर्ट है.

इन जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने का अलर्ट 

यूपी के एक बड़े हिस्से में बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. इनमें प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर (भदोही), जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और इनके आस-पास के इलाके शामिल हैं. 

सुरक्षा और बचाव के उपाय

मौसम विभाग ने भारी बारिश और बिजली के प्रभाव से बचने के लिए गाइडलाइन जारी की है.   

1.जब बिजली कड़क रही हो या बादल गरज रहे हों तो खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या जलस्रोतों (जैसे तालाब, पोखर) के पास जाने से बचें. सुरक्षित पक्के मकानों या घरों के अंदर रहें.

2.भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव और सड़कों पर फिसलन हो सकती है. इसलिए वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें.

3.किसान भाइयों को सलाह दी गई है कि जिन खेतों में पानी जमा होने की संभावना है वहां से जल निकासी (पानी निकालने) का तुरंत प्रबंध करें.