Mithilesh Bhati Jantar Mantar Protest: एक समय सोशल मीडिया पर 'लप्पू सा सचिन, झींगुर सा लड़का' वाला बयान काफी मशहूर हुआ था. यह बयान ग्रेटर नोएडा की मिथिलेश भाटी ने दिया था. यही मिथिलेश भाटी एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं. लेकिन इस बार वजह सीमा हैदर नहीं, बल्कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सोनम वांगचुक का आंदोलन है. मिथिलेश भाटी ने इस आंदोलन में पहुंचकर अपना समर्थन दिया है. इसके साथ ही उन्होंने अपने पुराने अंदाज में कहा कि 'अब तो पूरा सिस्टम ही 'लप्पू' हो गया है'. उनका यह बयान एक बार फिर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
अब सिस्टम को ही बताया लप्पू
मिथिलेश भाटी पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के अनशन में शामिल होने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंची थीं. इस दौरान उनसे सवाल पूछा गया कि इस पूरे प्रकरण में 'लप्पू' कौन है, तो उन्होंने तुरंत जवाब देते हुए कहा, 'मान लेओ भैया... अब तो सिस्टम ही लप्पू हो रहा है. सिस्टम पे का धरो है.' लगभग दो साल बाद उनके मुंह से निकला यह 'लप्पू' शब्द फिर से चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने कहा कि जब युवाओं की आवाज़ नहीं सुनी जाती है, तो व्यवस्था पर सवाल उठाना बिल्कुल जायज है.
मिथिलेश भाटी कैसे बनी थीं मशहूर
मिथिलेश भाटी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के पास स्थित रबूपुरा की रहने वाली हैं. जब पाकिस्तान से सीमा हैदर भारत आई थीं, तब उन्होंने सचिन मीणा को लेकर एक बयान दिया था. उनका बयान 'लप्पू सा सचिन...' इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुआ था और इस तंज पर खूब मीम्स बने थे. इस बयान के वायरल होने के बाद से ही मिथिलेश भाटी को कई स्थानीय, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों से जुड़े कार्यक्रमों में देखा गया है.
सोनम वांगचुक क्यों कर रहे अनशन
सोनम वांगचुक नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे हैं. वह चाहते हैं कि इस मामले में जवाबदेही तय हो और केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें. इसके साथ ही वह शिक्षा व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं. सोनम वांगचुक से मिलने के लिए कई विपक्षी नेता भी समय-समय पर जंतर-मंतर पर पहुंच रहे हैं. समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर वांगचुक के इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है. डिंपल यादव ने इसे देश के भविष्य का मुद्दा बताया है और लोगों से 20 जुलाई को होने वाले मार्च में शामिल होने की अपील की है.
ADVERTISEMENT











