गोरखपुर रूट से जाने वालों को झटका! कई ट्रेनें अचानक रद्द, नए रास्ते से चलेंगी बिहार संपर्क क्रांति समेत ये 5 ट्रेन

आयशा शेख़

• 02:15 PM • 16 Jul 2026

उत्तर पूर्व रेलवे ने गोरखपुर कैंट–उनौला रेलखंड पर दोहरीकरण और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 18 से 21 जुलाई तक कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से निरस्त, डायवर्ट और री-शेड्यूल करने का फैसला किया है.

UP Tak
Google CTA

UP Railway News: उत्तर पूर्व रेलवे के गोरखपुर कैंट (GKC)-उनौला (UNLA) रेलखंड पर दोहरीकरण का काम चल रहा है. इसी वजह से नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा, जिसके चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है.

यह भी पढ़ें...

अगर आपने 18 जुलाई से 21 जुलाई के बीच यात्रा की योजना बनाई है तो स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें. इस दौरान कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है, कुछ को री-शेड्यूल किया गया है और कई ट्रेनों को रास्ता बदलकर चलाया जाएगा.

ये ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द

रेलवे के अनुसार 20 जुलाई 2026 को प्रयागराज-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (14112) और मुजफ्फरपुर-प्रयागराज एक्सप्रेस (14111) को पूरी तरह रद्द किया गया है. इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी.

इन ट्रेनों का बदला गया रूट

रेलवे ने कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग भी बदल दिया है. इनमें मथुरा-छपरा एक्सप्रेस (15110), दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12565), खातीपुरा-दरभंगा एक्सप्रेस (19725), बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल (02563) और दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल (02569) शामिल हैं. ये ट्रेनें अपने सामान्य मार्ग की बजाय प्रयागराज, बनारस, वाराणसी और अन्य वैकल्पिक स्टेशनों से होकर चलेंगी.

इन ट्रेनों का सफर बीच रास्ते में होगा खत्म

कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द भी किया गया है. लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस (12165) 20 जुलाई को भटनी तक ही जाएगी और भटनी-गोरखपुर के बीच नहीं चलेगी. वहीं गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (12166) 21 जुलाई को भटनी से ही रवाना होगी.

इसके अलावा दादर-गोरखपुर स्पेशल (01027) 18 जुलाई को मऊ तक ही जाएगी, जबकि गोरखपुर-दादर स्पेशल (01028) 20 जुलाई को मऊ से ही रवाना होगी.

कुछ ट्रेनें देरी से चलेंगी

रेलवे ने बताया कि बरौनी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (19038) को 21 जुलाई को बरौनी से 300 मिनट यानी 5 घंटे देरी से चलाया जाएगा. वहीं गोरखपुर-बठिंडा एक्सप्रेस (12555) 60 मिनट री-शेड्यूल रहेगी. इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर (15017), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोंडा (11055) और बांद्रा टर्मिनस-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19037) का भी अलग-अलग स्थानों पर रेगुलेशन किया जाएगा.

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पर पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.