बस्ती जिले में पांच बच्चों की मां कथित तौर पर अपने ही गांव के तीन बच्चों के पिता के साथ घर छोड़कर चली गई है. पीछे छूट गए पांच मासूम बच्चे और उनका पिता अपनी पत्नी की तलाश में पुलिस के चक्कर काट रहा है. पति का आरोप है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और जाते समय उसकी पत्नी घर से नकदी, जेवर और मोबाइल भी साथ ले गई.
ADVERTISEMENT
गांव में पहले से थी दोनों के रिश्ते की चर्चा
यह मामला लालगंज थाना क्षेत्र के बगही गांव का है. आरोप है कि 5 बच्चों की मां का अपने ही गांव के तीन बच्चों के पिता संजय के साथ चक्कर चल रहा था. दोनों अब फरार हो गए हैं. ग्रामीणों के बीच दोनों के कथित प्रेम संबंधों की चर्चा पहले से होती रही थी. परिजनों का आरोप है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
पति का आरोप- 50 हजार रुपये, जेवर और मोबाइल लेकर गई पत्नी
पीड़ित पति गतिराम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 12 जुलाई को उसकी पत्नी घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और जेवरात लेकर संजय के साथ चली गई. पहले उसने अपने स्तर पर पत्नी की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उसने पुलिस से मदद की गुहार लगाई.
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
गतिराम का आरोप है कि आरोपी संजय उसे लगातार जान से मारने की धमकी भी दे रहा था. उसने पुलिस से पत्नी की बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
लालगंज थाना प्रभारी ने फोन पर बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











