UP Elevated Corridor: नवाबों के शहर लखनऊ में रहने वालों और यहां के ट्रैफिक से रोजाना दो-चार होने वालों के लिए एक बेहद शानदार खबर आ रही है. लखनऊ की लाइफलाइन कहे जाने वाले शहीद पथ पर अब ट्रैफिक का दबाव पूरी तरह कम होने वाला है.
ADVERTISEMENT
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अनुरोध पर लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक लगभग 23 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण को हरी झंडी दे दी है. इसके लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने के निर्देश भी जारी हो चुके हैं. गडकरी ने तो साफ शब्दों में कहा कि इस साल दिसंबर तक इस नए कॉरिडोर का भूमि पूजन कर काम भी शुरू करा दिया जाएगा.
दुनिया देखेगी लखनऊ का 'थ्री-लेयर' मॉडल
शहीद पथ पर बनने वाला नया एलिवेटेड कॉरिडोर कोई आम सड़क नहीं होगी. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार, लखनऊ में प्रस्तावित तीन लेयर एलिवेटेड फ्लाईओवर दुनिया के आकर्षण का केंद्र बनेगा.
इस प्रोजेक्ट की खास बातें
- मेट्रो की भी तैयारी: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुझाव दिया है कि भविष्य में इसी कॉरिडोर के ऊपर मेट्रो भी चलाई जाए, ताकि लोगों को बेहतरीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट मिल सके.
- मास रैपिड ट्रांसपोर्ट: इस पूरे प्रोजेक्ट में आधुनिक मास रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी, जिससे निजी वाहनों के साथ-साथ सरकारी परिवहन को भी रफ्तार मिलेगी.
"यहीं से शुरू हुई थी लाइफलाइन..." भावुक हुए राजनाथ सिंह
इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह थोड़े भावुक भी नजर आए. उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा,
"जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार थी, तब मेरे सड़क परिवहन मंत्री रहते हुए ही इस शहीद पथ का शिलान्यास हुआ था. आज यही शहीद पथ लखनऊ की लाइफलाइन बन चुका है. अब बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इसके ऊपर एलिवेटेड रोड बनाना वक्त की जरूरत है."
लखनऊ से सीतापुर तक का सफर भी होगा आसान
इस कार्यक्रम में केवल शहीद पथ ही नहीं, बल्कि लखनऊ और आसपास के जिलों के लिए भी सौगातों की बौछार कर दी गई-
- सिक्स लेन हाईवे: लखनऊ से सीतापुर तक प्रस्तावित 6-लेन हाईवे को नितिन गडकरी ने तुरंत मंजूरी दे दी है.
- 5 लाख करोड़ का टारगेट: गडकरी ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में अगले दो वर्षों में लगभग 5 लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है.
- बाईपास और सर्विस रोड: लखनऊ के किसान पथ पर सर्विस रोड बनेगी. इसके अलावा अयोध्या-गोंडा, आनंदनगर-महराजगंज, पडरौना-तमकुही बाईपास और दादरी-लालकुआं सिक्स लेन एलिवेटेड रोड को भी मंजूरी मिल गई है.
नितिन गडकरी ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा,
"योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत कर लोगों का विश्वास जीता है और गुंडाराज को समाप्त किया है. विकास के लिए चार चीजें सबसे जरूरी हैं- पानी, बिजली, ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन. जहां ये चारों मजबूत होते हैं, वहां निवेश आता है, उद्योग लगते हैं और गरीबी व बेरोजगारी अपने आप दूर हो जाती है."
ADVERTISEMENT











