Ramnagar Dehradun Express: भारतीय रेलवे ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के यात्रियों को एक बड़ा तोहफा दिया है. रेलवे मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया, यात्रियों की सुविधा के लिए रामनगर और देहरादून के बीच सीधी 'रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस' ट्रेन की सेवाएं शुरु कर दी है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को ऑनलाइन माध्यम से इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है. इस खास मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े रहे. तो वहीं इस नई ट्रेन के चलने से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा. इससे दोनों राज्यों के बीच सफर करना आसान और आरामदायक हो जाएगा.
ADVERTISEMENT
बुधवार और शुक्रवार को चलेगी ट्रेन
यह नई एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में सिर्फ दो दिन यानी बुधवार और शुक्रवार को चलाई जाएगी. ट्रेन नंबर 15310 सुबह करीब 5:50 बजे रामनगर से रवाना होगी और दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी. वहीं वापसी के समय ट्रेन नंबर 15309 दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात करीब 11:30 बजे रामनगर वापस लौट आएगी.
इन प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
रामनगर से देहरादून के अपने पूरे सफर के दौरान यह ट्रेन कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन का ठहराव काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों पर तय किया गया है.
यात्रियों को मिलेंगी कई बेहतरीन सुविधाएं
इस नई ट्रेन में हर वर्ग के यात्रियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है. ट्रेन के अंदर एसी सेकेंड क्लास, एसी थर्ड क्लास, एसी चेयर कार और स्लीपर क्लास के कोच मौजूद हैं. इसके साथ ही कम बजट वाले यात्रियों के लिए सेकेंड सिटिंग और जनरल सेकेंड क्लास के कोच भी लगाए गए हैं.
पर्यटन और यात्रियों को मिलेगा फायदा
इस ट्रेन के शुरू होने से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी, जिससे उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून और उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर के यात्रियों को सफर में आसानी होगी. इसके साथ ही, गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों में पर्यटन को भी काफी बढ़ावा मिलेगा.
यह भी पढ़ें: UPSSSC ने गन्ना पर्यवेक्षक के 1182 पदों पर निकाली भर्ती, ₹25500 से लेकर 81100 रुपये तक मिलेगी मंथली सैलरी
ADVERTISEMENT











