NTA की गड़बड़ी से फिर परेशान हुए स्टूडेंट्स, CUET UG परीक्षा में तकनीकी खराबी, 3 की जगह 4 बजे होगी परीक्षा

CUET exam delay: CUET UG 2026 परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर तकनीकी खराबी और अव्यवस्था के कारण पेपर समय पर शुरू नहीं हो सका. छात्रों और अभिभावकों के विरोध के बाद NTA ने दूसरी शिफ्ट का समय बदलकर शाम 4 बजे किया और असुविधा पर खेद जताया.

CUET exam delay

दीक्षा सिंह

30 May 2026 (अपडेटेड: 30 May 2026, 02:23 PM)

follow google news

CUET exam delay: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी बीते कुछ समय से लगातार सवालों के घेरे में है. अभी मेडिकल परीक्षा NEET में हुए कथित पेपर लीक का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि एजेंसी एक बार फिर बड़े विवादों में घिर गई है.  30 मई 2026 को देश भर में आयोजित हो रही CUET UG 2026 की परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर भारी अव्यवस्था और तकनीकी खराबी देखने को मिली. इस बड़ी चूक के कारण देश के कई परीक्षा केंद्रों पर सुबह की शिफ्ट का पेपर तय समय पर शुरू ही नहीं हो सका जिसके बाद सेंटर्स पर छात्र और अभिभावक भड़क उठे. सुबह की इस भारी लापरवाही का सीधा असर दोपहर की शिफ्ट पर भी पड़ा है जिसके चलते एनटीए को आनन-फानन में दोपहर की परीक्षा का समय 3 बजे से 4 बजे तक के लिए शिफ्ट किया गया. 

यह भी पढ़ें...

सुबह 9 बजे का पेपर 11 बजे तक नहीं हुआ शुरू

देशभर के कई केंद्रों से आई रिपोर्ट के मुताबिक, परीक्षा हॉल में न सिर्फ तकनीकी दिक्कतें आईं बल्कि छात्रों के लिए बुनियादी सुविधाओं की भी भारी कमी नजर आई. इस अव्यवस्था की सबसे चौंकाने वाली तस्वीरें उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से सामने आईं.

वाराणसी के लोहता में स्थित 'शेतला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी' को CUET का केंद्र बनाया गया था. यहां सुबह की शिफ्ट की परीक्षा 9:00 बजे शुरू होकर 10:00 बजे समाप्त होनी थी. लेकिन सुबह के लगभग 11:00 बजने के बाद भी परीक्षा शुरू नहीं कराई जा सकी थी. आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस बदहाली का वीडियो और तस्वीरें शेयर करते हुए सीधे सिस्टम पर सवाल खड़े किए हैं. परीक्षा केंद्रों के बाहर भीषण गर्मी में छात्र और उनके माता-पिता घंटों इंतजार करने को मजबूर दिखे.

3 की जगह अब 4 बजे से होगी परीक्षा

सुबह की शिफ्ट में हुई इस बड़ी देरी और तकनीकी खराबी का असर सीधे दूसरी शिफ्ट पर देखने को मिला है. किसी भी तरह की भ्रामक खबर या अफवाह न फैले इसके लिए एनटीए ने तुरंत एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी कर दोपहर की शिफ्ट को री-शेड्यूल कर दिया है.

एजेंसी द्वारा जारी नया टाइम-टेबल इस प्रकार है-

  • रिपोर्टिंग और गेट एंट्री का समय: दोपहर 02:30 बजे से
  • परीक्षा शुरू होने का समय: पहले यह दोपहर 03:00 बजे निर्धारित था, जिसे अब बदलकर शाम 04:00 बजे कर दिया गया है.

एक के बाद एक बड़ी परीक्षाओं में हो रही इस तरह की गंभीर चूकों के बाद एनटीए युवाओं और विपक्ष के निशाने पर आ गई है. बढ़ते बवाल को देखते हुए एजेंसी ने अपनी सफाई जारी की है. एनटीए ने इस भारी असुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर परेशान हो रहे छात्रों और उनके अभिभावकों से खेद जताया है. साथ ही एजेंसी ने उम्मीदवारों को भरोसा दिलाया है कि इस तकनीकी खराबी और देरी की वजह से किसी भी छात्र का कीमती समय बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा और सभी को पूरा समय मिलेगा.