Varanasi Thandai Recipe: उत्तर प्रदेश का खानपान अपनी विविधता और पारंपरिक स्वाद के लिए पूरे देश में मशहूर है. इन्हीं में से एक बेहद लोकप्रिय और शीतलता देने वाला पारंपरिक पेय है वाराणसी की फेमस “ठंडाई”, जिसे खासकर गर्मियों और होली जैसे त्योहारों में बड़े चाव से बनाया और पिया जाता है. गर्मी के मौसम में ठंडाई पीना शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ ऊर्जा भी प्रदान करता है. यूपी Tak की 'One District One Cuisine' सीरीज में आज हम आपको बताएंगे कि घर पर आसानी से स्वादिष्ट वाराणसी की ठंडाई कैसे तैयार की जा सकती है.
ADVERTISEMENT
वाराणसी की ठंडाई क्यों है खास?
वाराणसी की ठंडाई सिर्फ एक पेय नहीं बल्कि एक परंपरा है. इसमें इस्तेमाल होने वाले मेवे, बीज और मसाले इसे न सिर्फ स्वादिष्ट बनाते हैं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद बनाते हैं. यह ड्रिंक शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ गर्मी से होने वाली थकान को भी दूर करता है. काशी की गलियों में मिलने वाली ठंडाई का स्वाद देशभर में मशहूर है.
ठंडाई बनाने के लिए सामग्री
1 लीटर ठंडा दूध
2 बड़े चम्मच बादाम
1 बड़ा चम्मच काजू
1 बड़ा चम्मच पिस्ता
1 छोटा चम्मच खसखस
1 छोटा चम्मच सौंफ
1 छोटा चम्मच काली मिर्च
4-5 हरी इलायची
1/2 छोटा चम्मच गुलाब जल
4-5 केसर के धागे
4-5 बड़े चम्मच चीनी (स्वादानुसार)
1-2 बड़े चम्मच गुलकंद
खाने योग्य सूखे रोज पेटल्स
वाराणसी स्टाइल ठंडाई बनाने की विधि
सबसे पहले बादाम, काजू, पिस्ता, सौंफ, इलायची और खसखस को 3-4 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें. इसके बाद भीगे हुए सभी मसालों को मिक्सर में डालकर थोड़ा सा पानी मिलाकर बारीक और स्मूद पेस्ट बना लें. ये होने के बाद एक बड़े बर्तन में ठंडा दूध लें और उसमें तैयार किया हुआ पेस्ट डालकर अच्छे से मिला लें. अब इसमें चीनी डालें और अच्छी तरह घोल लें. अब इसमें 1-2 चम्मच गुलकंद डालें और हल्के हाथ से मिलाएं. इससे ठंडाई में हल्की मिठास और खुशबू आ जाएगी. ऊपर से रोज पेटल्स डालकर इसे और भी खूबसूरत और फ्रेश बना दें. ठंडाई को 1-2 घंटे फ्रिज में ठंडा होने दें और फिर ठंडा-ठंडा सर्व करें.
ठंडाई बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
मेवों को अच्छे से भिगोना जरूरी है ताकि पेस्ट स्मूद बने
ठंडाई हमेशा ठंडी दूध से ही तैयार करें
चीनी की मात्रा स्वादानुसार कम-ज्यादा करें
मसालों का संतुलन सही रखें, ज्यादा काली मिर्च स्वाद बिगाड़ सकती है
सर्व करने से पहले अच्छी तरह ठंडा करना जरूरी है
वाराणसी की ठंडाई क्यों है लोकप्रिय?
वाराणसी की ठंडाई अपनी देसी खुशबू, मसालों के संतुलन और ठंडक देने वाले प्रभाव के कारण बेहद खास मानी जाती है. यह सिर्फ एक ड्रिंक नहीं बल्कि काशी की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है. गर्मी में यह शरीर को राहत देने के साथ-साथ मन को भी तरोताजा कर देती है.
यह भी पढ़ें: Laung Lata Recipe: घर पर बनाएं बरेली का फेमस हलवाई-स्टाइल कुरकुरा लोंग लता, जानें आसान देसी तरीका!
ADVERTISEMENT









