Raebareli News Land Registry Dispute: रायबरेली में शराब के नशे में पति से जमीन हड़पने की कोशिश, पत्नी ने बच्चों संग पहुंचकर रुकवाई रजिस्ट्री

शराब पिलाकर पति की जमीन हड़पने की दबंगों की साजिश फेल. रजिस्ट्री दफ्तर पहुंची पत्नी ने बच्चों संग किया हंगामा, मची अफरा-तफरी। बेनकाब हुए जालसाज, मौके से भागे आरोपी.

Newzo

• 04:56 PM • 27 Mar 2026

follow google news

रायबरेली की तहसील परिसर स्थित बैनामा कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने बच्चों के साथ पहुंचकर रजिस्ट्री रुकवा दी. महिला का आरोप है कि उसके पति को शराब के नशे में धुत कर गांव के ही कुछ दबंग उसकी पुश्तैनी जमीन अपने नाम लिखवाने का प्रयास कर रहे थे. महिला के विरोध के बाद आरोपी मौके से खिसक गए.

यह भी पढ़ें...

​क्या है पूरा मामला?

​भदोखर थाना क्षेत्र के पीताम्बरपुर निवासी सविता सिंह शुक्रवार को अचानक अपने बच्चों के साथ रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचीं. वहां उन्होंने देखा कि उनके पति आशू सिंह कुछ लोगों के साथ बैनामा कराने की प्रक्रिया में जुटे थे. सविता का आरोप है कि उनके पति को पिछले कई घंटों से शराब पिलाकर नशे में रखा गया था और उन्हें बिना जानकारी दिए घर से लाया गया था.

​दबंगों पर गंभीर आरोप

​पीड़िता सविता सिंह ने गांव के ही राहुल यादव, श्याम बरन और वीरेंद्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सविता के मुताबिक, ये लोग उनके पति की मानसिक स्थिति और नशे का फायदा उठाकर कीमती जमीन को जबरन अपने नाम कराना चाहते थे. महिला ने इस साजिश में बैनामा लेखक की मिलीभगत की आशंका भी जताई है.पीड़िता ने बताया कि मेरे पति को बहला-फुसलाकर और शराब पिलाकर यहां लाया गया था. अगर मैं समय पर न पहुंचती, तो मेरे बच्चों के मुंह से निवाला छीन लिया जाता और हमारी जमीन हड़प ली जाती.

​हंगामे के बाद भागे आरोपी

​रजिस्ट्री दफ्तर में महिला और उसके बच्चों के शोर मचाने पर भारी भीड़ जमा हो गई. हंगामे की स्थिति देख आरोपी और उनके साथ आए अन्य लोग मौके से भाग खड़े हुए. नशे की हालत में पति आशू सिंह भी वहां से चला गया. पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पुलिस और उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है.