Amethi Petrol Pump Dispute: अमेठी में मात्र 5 लीटर पेट्रोल देने पर बवाल, पंप कर्मचारियों से की मारपीट; 4 गिरफ्तार

Amethi News: अमेठी में पेट्रोल पंप पर बवाल: मात्र 5 लीटर पेट्रोल मिलने पर भड़के ग्रामीण, कर्मचारियों से मारपीट के बाद पुलिस से भी हुई तीखी झड़प। 5 नामजद और 25 अज्ञात पर FIR, 4 गिरफ्तार।

Newzo

• 11:03 AM • 27 Mar 2026

follow google news

Amethi News: मोहनगंज थाना क्षेत्र के भेलाई कला गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया.ग्रामीणों और पंप कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई.सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस से भी लोगों की तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई.

यह भी पढ़ें...

इसके बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी को घेर लिया.मामले में हल्का इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.साथ ही चार युवकों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर रोड स्थित सुन्दरी नारायण फिलिंग स्टेशन (इंडियन ऑयल) पर पेट्रोल लेने के लिए लंबी कतार लगी थी.इसी दौरान पूरे जमाल मजरे भेलाई कला निवासी अब्बू सैफ नामक युवक 25 लीटर पेट्रोल लेने के लिए लाइन में लगा था, लेकिन कर्मचारियों ने उसे मात्र 5 लीटर पेट्रोल दिया.आरोप है कि कुछ अन्य लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार अधिक पेट्रोल दिया जा रहा था, जिससे नाराज होकर युवक ने विरोध किया.

गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू

विरोध के दौरान कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई.घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे हालात और बिगड़ गए.सूचना पर पहुंची मोहनगंज पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान पुलिस से भी झड़प की स्थिति बन गई.हालांकि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए हालात को काबू में कर लिया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया.

अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी

थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि हल्का इंचार्ज की तहरीर पर 5 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है.