5 साल की नन्हीं यशस्विनी ने दिया बुलडोजर वाला खिलौना गिफ्ट, तो सीएम योगी ने खुश होकर कह दी ये बात

हर्ष वर्धन

27 Mar 2026 (अपडेटेड: 27 Mar 2026, 11:10 AM)

गोरखनाथ मंदिर में दिखा अनोखा नजारा. 5 साल की यशस्विनी ने सीएम योगी को गिफ्ट किया 'बुलडोजर' खिलौना. मुख्यमंत्री ने बताया इसे जनता के अटूट भरोसे का प्रतीक, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल.

UP Tak
Google CTA

गोरखनाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार सुबह एक दिलचस्प तस्वीर देखने को मिली जब कानपुर की पांच साल की नन्हीं यशस्विनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक खास उपहार भेंट किया. मुख्यमंत्री मंदिर परिसर में अपने नियमित मॉर्निंग वॉक पर थे. तभी यशस्विनी ने उन्हें बुलडोजर का एक छोटा खिलौना गिफ्ट किया. इस भेंट को पाकर मुख्यमंत्री भी मुस्कुरा उठे. उन्होंने बच्ची को अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया.

यह भी पढ़ें...

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

सीएम योगी ने इस पल का वीडियो X पर शेयर करते हुए लिखा, "यह नन्हा-सा उपहार बड़े विश्वास का प्रतीक है. यह भरोसे की मासूम अभिव्यक्ति है. आज @GorakhnathMndr परिसर में प्रातः भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी महाराज को कानपुर की पांच वर्षीय यशस्विनी ने बुलडोजर खिलौना भेंट किया." यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

बुलडोजर एक्शन की क्यों होती है चर्चा?

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का बुलडोजर एक्शन पूरे देश में चर्चा का केंद्र बना रहता है. अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई के प्रतीक के रूप में उभरे इस कदम को योगी सरकार न्याय के शासन का पर्याय मानती है. सरकार का दावा है कि अवैध संपत्तियों पर चलने वाला यह बुलडोजर कानून तोड़ने वालों के मन में खौफ पैदा करता है तो वहीं आम लोग इसे सुरक्षा और अनुशासन के रूप में देखते हैं जिसकी झलक नन्हीं यशस्विनी के खिलौने में भी आज देखने को मिली.

ये भी पढ़ें: विकसित UP बैठक: सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं, बोले- पहले माफिया और मच्छर से थी गोरखपुर की पहचान अब विकास की लहर