Mathura Traders News: मानसून की पहली बारिश में ही नगर के व्यापारियों के भारी नुकसान को देखते हुए नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल व महामंत्री शशिभानू गर्ग के नेतृत्व में व्यापारियों द्वारा चौक बाजार से स्वामी घाट तक स्थलीय निरीक्षण कर व्यापारियों के नुकसान का आकलन किया. उन्होंने बताया कि कल की बारिश में निगम की लापरवाही से व्यापारियों का 20 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है. व्यापारी-नेताओं द्वारा मौके पर ही नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय चौहान को भी बुला लिया गया, जहां उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई गई.
ADVERTISEMENT
इस संदर्भ में व्यापार मंडल पदाधिकारीयों द्वारा नगर निगम महापौर विनोद अग्रवाल, नगर आयुक्त जगप्रवेश के साथ निगम कार्यालय पहुंचकर गहन विचार विमर्श किया व टूटी-फूटी सड़कों की तुरंत मरम्मत व निर्माण, नगर में निर्माणघीन सड़कों के दोनों और नाली व फुटपाथ का शीघ्र निर्माण व दोषी ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई व व्यापारियों को मुआवजा दिए जाने की बात रखी.
भीषण बारिश में उखड़ी सड़क, दुकानों में घुसा पानी
कल हुई भीषण बारिश के कारण चौक बाजार क्षेत्र में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क के उखड़ जाने के कारण व्यापारियों की दुकान में पानी पहुंचने से हुए नुकसान का जायजा लेने नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल व महामंत्री शशिभानु गर्ग के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारी पैदल ही एक-एक दुकान पर पहुंचे व नुकसान का आकलन किया. साथ ही टूटी हुई सड़क का मुआयना किया.
व्यापारियों के आक्रोश पर हरकत में आया निगम
मौके पर ही निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान को बुलाकर स्थिति दिखाई गई व जमकर खरी-खोटी सुनाई व शीघ्र ही दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई व पीड़ित व्यापारियों को मुआवजा की बात कही, जिस पर नगर आयुक्त द्वारा व्यापारी नेताओं को निगम में बुलाकर बैठक की गई. जिसमें महापौर विनोद अग्रवाल, नगर आयुक्त जगप्रवेश, मुख्य अभियंता संजय चौहान व मुख्य महाप्रबंधक जलकर ख्वाजा के साथ व्यापारियों का गहन विचार-विमर्श हुआ.
सड़क निर्माण और मुआवजे को लेकर बनी सहमति
साथ ही एक-एक बिंदु पर चर्चा हुई. व्यापारियों द्वारा दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई व शीघ्र ही उक्त सड़क का निर्माण व्यापारियों को मुआवजा दिए जाने की बात रखी, जिस पर सकारात्मक वार्ता हुई व नगर के अन्य बिंदुओं पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया. व्यापारियों द्वारा नगर में जगह-जगह बन रही सड़कों के दोनों फुटपाथ व नाली का शीघ्र निर्माण कराई जाने की बात रखी, जिसे स्वीकार करते हुए तुरंत संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए किए गए व अन्य महत्वपूर्ण मांगों पर भी सकारात्मक बात रही.
ADVERTISEMENT











