Noida Police: नोएडा पुलिस ने शातिर अपराधियों के एक बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है. यह संगठित गैंग ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब के नाम पर लोगों को फंसाता था और फिर सुनसान जगह ले जाकर लूटपाट करता था. इस गैंग में कई महिलाएं भी शामिल थीं, जो लोगों को दोस्ती और मिलने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाती थीं. थाना सेक्टर-24 पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई एक फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल होने वाली दो गाड़ियां और धारदार हथियार बरामद किए हैं.
ADVERTISEMENT
लड़कियों के जरिए फंसाते थे शिकार
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि यह गैंग फर्जी ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब चलाता था. गैंग का एक सदस्य पंकज यादव सबसे पहले इंटरनेट पर ग्राहक खोजता था. इसके बाद गैंग की महिला सदस्य एक्टिव होती थी, जो पीड़ित व्यक्ति से बात करके उनसे दोस्ती को आगे बढ़ाती थीं. दोस्ती बढ़ने के बाद आरोपी महिलाओं द्वारा मिलने का प्रस्ताव दिया जाता था. जब पीड़ित व्यक्ति मिलने आता था, तो उसे लड़की दिखाने के बहाने कार में बैठा लिया जाता था.
सुनसान जगह पर करते थे लूटपाट
कार में बैठाने के बाद आरोपी पीड़ित को किसी सुनसान इलाके में ले जाते थे. वहां उसके साथ जमकर मारपीट की जाती थी. इसके बाद वे उसका मोबाइल, नकदी, पर्स और कीमती सामान लूट लेते थे. वारदात के समय एक कार में तीन से चार आरोपी बैठे होते थे. गैंग के बाकी सदस्य दूसरी कार में उनके पीछे-पीछे चलते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद के लिए आ सकें.
30 जून को लूटी थी फॉर्च्यूनर
आरोपी ओमवीर यादव ने पुलिस को 30 जून 2026 को हुई लूट की एक बड़ी घटना के बारे में बताया है. उसने बताया कि सेक्टर-54 स्थित पेट्रोल पंप के पास से एक व्यक्ति को स्विफ्ट कार में बैठाया गया था. आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिया. इसके बाद जबरन मोबाइल का लॉक खुलवाया और UPI के जरिए करीब 18 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए थे. आरोपियों ने पीड़ित व्यक्ति का पर्स और उसकी फॉर्च्यूनर कार भी लूटकर भाग गए थे.
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस ने ओमवीर यादव, मंजेश यादव, निधि यादव, प्रियंका यादव और काजल उर्फ रिया यादव को सेक्टर-54 के खरगोश पार्क के पास से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन अपराधियों के पास से लूटी गई फॉर्च्यूनर, वारदात में इस्तेमाल होने वाली स्विफ्ट और ऑरा कार के अलावा एक चाकू भी वरामद किया है. फिलहाल पुलिस गैंग के बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और यह पता लगा रही है कि इन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है.
ADVERTISEMENT











