विकसित UP बैठक: सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं, बोले- पहले माफिया और मच्छर से थी गोरखपुर की पहचान अब विकास की लहर

यूपी तक

27 Mar 2026 (अपडेटेड: 27 Mar 2026, 10:47 AM)

सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'विकसित UP बैठक' गोरखपुर कॉन्क्लेव को दीं शुभकामनाएं. सीएम योगी ने बताया कैसे 9 वर्षों में 'माफिया और मच्छर' से मुक्त होकर गोरखपुर बना विकास का मॉडल और 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का आधार.

Gorakhpur Viksit UP Baithak

Gorakhpur Viksit UP Baithak

Google CTA

मेरठ और झांसी के बाद इंडिया टुडे ग्रुप का डिजिटल-फर्स्ट न्यूज प्लेटफॉर्म UP Tak आज गोरखपुर में 'विकसित UP बैठक' का आयोजन कर रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर कॉन्क्लेव के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास पर चर्चा के लिए यह मंच उपलब्ध हुआ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर की पहचान 'माफिया और मच्छर' के कारण थी और यहां के युवाओं, व्यापारियों व किसानों के सामने पहचान का संकट था. लेकिन पिछले 9 वर्षों में डबल इंजन सरकार के सुनियोजित प्रयासों से आज गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश का कायाकल्प हो चुका है. 

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी ने विकास के आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि गोरखपुर अब वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का केंद्र बन गया है. उन्होंने कहा कि जो दूरी तय करने में पहले 7-8 घंटे लगते थे. वह अब लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए मात्र 3 घंटे में पूरी हो रही है. गीडा (GIDA) में निवेश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2017 तक यहां मात्र 29 करोड़ रुपये का निवेश था, जो अब बढ़कर 15000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है जिससे 50000 से ज्यादा नौजवानों को रोजगार मिला है. आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन रहा है. 

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर जोर देते हुए कहा कि कभी बीमारियों का अड्डा रहा पूर्वी उत्तर प्रदेश अब इंसेफ्लाइटिस के भय से मुक्त है और एम्स (AIIMS) जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं यहां उपलब्ध हैं. उन्होंने बताया कि बंद पड़ी चीनी मिलें दोबारा शुरू हुई हैं और किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर मिल रहा है. साथ ही, रामगढ़ ताल जो कभी अपराध का अड्डा था, आज वह देश का बेहतरीन टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन चुका है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं भी इसी धरती से शुरू होकर आज दुनिया की सबसे बड़ी डीबीटी स्कीम बनी हैं. 

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये 9 वर्ष उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण, स्किल, स्केल और स्पीड के रहे हैं. उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं बल्कि विकास और विश्वास का मॉडल है. उन्होंने विश्वास जताया कि यूपी अगले 4 वर्षों में भारत की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर ह.  उन्होंने UP Tak की इस बैठक को सार्थक चर्चा का माध्यम बताते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सुझाव आने की आशा व्यक्त की.