Amethi News: जिले के गौरीगंज क्षेत्र के एक गांव में महिलाओं के बीच हुई मारपीट का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस घटना में मां और उसकी बेटी के घायल होने की जानकारी सामने आई है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
घटना के पीछे अलग-अलग कारण
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कहासुनी के बाद कुछ महिलाएं और पुरुष आपस में भिड़ जाते हैं और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल जाता है. आरोप है कि कुछ लोगों ने एक महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं. घटना के पीछे अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं. एक पक्ष का कहना है कि छेड़खानी का विरोध करने पर हमला किया गया, जबकि दूसरे पक्ष ने महुआ बिनने को लेकर विवाद होने की बात कही है.
मामले की जांच जारी: प्रभारी निरीक्षक
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच में छेड़खानी के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है. दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की है. इस दौरान छह लोगों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









