Amethi News: अमेठी जगदीशपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में रास्ता विवाद को लेकर हमला करने वाले मुख्य आरोपी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने युवक को बाइक से गिराकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा और उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था. बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी नहीं बख्शा गया, जिससे कई लोग घायल हो गए थे.
ADVERTISEMENT
क्या था पूरा मामला?
महमदपुर निवासी वीर बहादुर सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 5 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे उनके भाई उदयभान सिंह मोटरसाइकिल से खेत की ओर जा रहे थे. घर से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि रामभवन सिंह, सोनू सिंह, उमेश सिंह, अखिलेश सिंह और शुभम सिंह समेत अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश और रास्ता विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए उदयभान सिंह को बाइक से गिरा दिया और लाठी-डंडों से मारपीट की.
बचाने आए लोगों को भी आरोपियों ने पीटकर किया था घायल
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे राम दुलारी सिंह, सुनीता सिंह और अमरेन्द्र सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया. इस हमले में सभी को गंभीर चोटें आई. घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. इसी क्रम में आज जगदीशपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी रामभवन सिंह (59) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









