Amethi Farmers Protest: अमेठी में किसानों का हल्ला बोल, गेहूं खरीद में गड़बड़ी और फसल नुकसान पर कलेक्ट्रेट घेराव

Farmers Protest Amethi: अमेठी में किसानों की समस्याओं को लेकर जिला किसान कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया. गेहूं खरीद केंद्रों की अव्यवस्था और ओलावृष्टि से फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया.

Newzo

• 01:26 PM • 13 Apr 2026

follow google news

Farmers Protest Amethi: किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला किसान कांग्रेस ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया. इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को उठाया. प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की.

यह भी पढ़ें...

गेहूं खरीद केंद्रों पर भारी अव्यवस्था का आरोप

किसान कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के गेहूं खरीद केंद्रों पर भारी अव्यवस्था व्याप्त है. किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, फिर भी उनकी उपज की खरीद नहीं हो पा रही है. कई स्थानों पर तौल व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया भी बाधित है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. उन्होंने मांग की कि खरीद केंद्रों की व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर उपलब्ध कराया जाए.

शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग

इसके अलावा, हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. किसान नेताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के चलते किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है, जिससे वे आर्थिक संकट में आ गए हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित किसानों का शीघ्र सर्वे कराकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए.

समाधान नहीं हुआ तो होगा व्यापक आंदोलन

जिलाध्यक्ष सूर्यभान तिवारी ने कहा कि यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.