Ballia News Today: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में आज शराब के खिलाफ जन आक्रोश देखने को मिला. बेदुआ क्षेत्र के लोगों ने शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. आबकारी विभाग होश में आओ, बेदुआ को नशा मुक्त करो के जमकर कर नारे लगे. शहर के बेदुआ बांध पर स्थित देशी और कम्पोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान को तत्काल प्रभाव से वहां से हटाने की मांग किया.
ADVERTISEMENT
इस विरोध प्रदर्शन में यारपुर बेदुआ, निहोरा नगर और कृष्णा नगर के सैकड़ो लोग शामिल हुए. बलिया के बेदुआ क्षेत्र में शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का धैर्य आज जवाब दे दिया. भारी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और बैनर-पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है की बेदुआ बांध पर स्थित शराब की दुकानों के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और युवा पीढ़ी नशे की लत में फस रही है. रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
बताया गया कि देशी शराब की दुकान पर तड़के सुबह से ही शराबी पहुंचने लगते हैं. प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक इन दुकानों को आबादी क्षेत्र और बांध से नहीं हटाया जाता तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जनहित में शराब की दुकानों को स्थानांतरित नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है. इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस तैनात रहा. स्थानीय निवासियों का कहना है कि वह अपने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए किसी भी हद तक संघर्ष करने को तैयार है.
ADVERTISEMENT









