Ballia Viral Video: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक ऐसी हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है जिसने कानून व्यवस्था और बीच सड़क पर शराबियों के आतंक की पोल खोल कर रख दी है. बागी बलिया में एक तरफ जहां आसमान से आग बरस रही है और हीटवेव का येलो अलर्ट जारी है, वहीं दूसरी तरफ बीच सड़क पर ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ कि देखने वालों के होश उड़ गए. ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को अपनी जान बचाने के लिए सरेआम जनता से गुहार लगानी पड़ी. इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने जो किया, उसका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
साहब बीच सड़क से गाड़ी हटा लीजिए, और मच गया बवाल
पूरा मामला बलिया शहर के कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथ चौधरी तिराहे का है चिलचिलाती धूप में ट्रैफिक पुलिस के के जवान पंचानन यादव अपनी ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान बीच सड़क पर एक कार आकर खड़ी हो गई, जिससे जाम की स्थिति बनने लगी. जानकारी के मुताबिक ट्रैफिक सिपाही पंचानन यादव ने कार सवारों से बेहद शालीनता से अनुरोध किया कि साहब बीच सड़क से गाड़ी हटा लीजिए, तो कार में सवार चार रसूखदार शराबियों को यह नागवार गुजरी.
कॉलर पकड़ा, कार में घसीटने की कोशिश
शराब के नशे धुत इन आरोपियों ने न सिर्फ पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, बल्कि सारी हदें पार करते हुए ट्रैफिक पुलिस के जवान का कॉलर पकड़ लिया और उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में खींचकर ले जाने का प्रयास करने लगे.
पीड़ित ट्रैफिक पुलिसकर्मी पंचानन ने बताया कि बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी थी. मैंने सिर्फ गाड़ी हटाने का अनुरोध किया. इतने में कार सवार चार लोगों ने मुझे भद्दी-भद्दी गालियां देना शुरू किया दिया, मेरा कॉलर पकड़ लिया और मुझे जबरन कार के अंदर खींचने लगे। अगर वहां जनता नही होती तो वो मुझे उठा ले जाते.
जब रक्षक ने मांगी मदद, तो बागी जनता ने सिखाया सबक
जब पुलिसकर्मी को लगा कि वह शराबियों के चंगुल से नहीं छूट पाएंगे, तो उन्होंने चिल्लाकर वहां मौजूद आम जनता से मदद मांगी और कहा मुझे इन शराबियों से बचा लीजिए. जनता को सुरक्षा देने वाली पुलिस को जब खुद सुरक्षा के लिए गुहार लगानी पड़ी तो बागी बलिया के युवाओं का खून खौल उठा. फिर क्या था, स्थानीय युवाओं और राहगीरों ने तुरंत मोर्चा संभाला.
आक्रोशित युवाओं ने शराबियों की कार को चारों तरफ से घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की.भीड़ ने कार में सवार एक शराबी को खिंचकर बाहर निकाला, उसे सड़क पर घसीटा और लात-जूतों से उसकी हेकड़ी निकाल दी.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरी घटना का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पुलिस कर्मी की गुहार पर जनता ने शराबियों को सबक सिखाया. बीच शहर में पुलिस पर हाथ डालने के इस हिमाकत ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जूट गई है. पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है.
ADVERTISEMENT









