Raebareli Court Case: राहुल गांधी के खिलाफ रायबरेली की अदालत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर कथित टिप्पणी को लेकर परिवाद दायर किया गया है. अदालत ने मामले को स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई के लिए 15 जून की तारीख तय की है. कांग्रेस के गढ़ और खुद के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. अपने बेबाक बयानों से हमेशा चर्चा में रहने वाले राहुल गांधी अब एक नए कानूनी बवंडर में फंस गए हैं. उनके एक 'विवादित' बयान ने अब अदालत की चौखट पर दस्तक दे दी है, जिससे जिले की सियासत में अचानक भूचाल आ गया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, रायबरेली के दिवानी न्यायालय में राहुल गांधी के खिलाफ एक परिवाद दाखिल किया गया है. यह परिवाद किसी और ने नहीं, बल्कि शकील अहमद नाम के व्यक्ति ने दर्ज कराया है. बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने अपने पिछले रायबरेली दौरे के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखी और आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इसी टिप्पणी को लेकर अब शकील अहमद ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.
15 जून को होगा 'असली दंगल'
कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवाद को स्वीकार कर लिया है. अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 जून की तारीख मुकर्रर की गई है.
सियासी गलियारों में सुगबुगाहट
इस खबर के सामने आते ही कांग्रेस खेमे में जहां खलबली मच गई है, वहीं विपक्षी दल इस मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरने की पूरी तैयारी में जुट गए हैं. अब देखना यह होगा कि 15 जून को अदालत की मेज पर जब यह फाइल खुलेगी, तो राहुल गांधी की तरफ से क्या दलीलें पेश की जाती हैं. लेकिन एक बात तो साफ है-आने वाले दिनों में रायबरेली की ये कानूनी जंग बेहद दिलचस्प होने वाली है.
ADVERTISEMENT









