RaeBareli Crime: रेलवे स्टेशन से चलता था बच्चा चोर गिरोह का खेल! निसंतान दंपतियों को बेचते थे बच्चे, रायबरेली में 9 गिरफ्तार

Raebareli Crime News: रायबरेली में पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर बच्चों का अपहरण करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह निसंतान दंपतियों को बच्चों की अवैध बिक्री करता था और स्टेशन से ही डिलीवरी करता था। त्रिवेणी एक्सप्रेस में 9 माह के शिशु के अपहरण के मामले की जांच में सीसीटीवी व सर्विलांस की मदद से आरोपियों को पकड़ा गया.

RaeBareli News

Newzo

• 04:44 PM • 20 May 2026

follow google news

Raebareli news: जनपद की स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सफर करने वाली अकेली महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस ने गिरोह के चार महिला व पांच पुरुष सदस्यों सहित कुल 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. इनके कब्जे से विगत दिनों चोरी किया गया नौ माह का मासूम सकुशल बरामद कर लिया गया है. वारदात में प्रयुक्त एक हुंडई वेन्यू कार भी जब्त की गई है.

यह भी पढ़ें...

​पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ की मूल निवासी एक महिला ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 मई को वो लखनऊ से अपनी मां के घर सिंगरौली जाने के लिए त्रिवेणी एक्सप्रेस में सवार हुई थी. यात्रा के दौरान ट्रेन में एक अज्ञात महिला और पुरुष उसके पास बैठ गए. जनपद रायबरेली की सीमा में प्रवेश करने से पहले उक्त महिला ने बच्चे को खिलाने के बहाने अपनी गोद में ले लिया. रायबरेली स्टेशन पहुंचने पर दोनों आरोपी पीड़िता को बहला-फुसलाकर स्टेशन के बाहर एक भोजनालय में ले गए और मौका पाकर 9 माह के मासूम को लेकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी.

निसंतान दंपतियों को करते थे टारगेट


प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि यह गिरोह बेहद संगठित और शातिर तरीके से नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त का नेटवर्क चला रहा था. पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे गांवों, कस्बों और अस्पतालों में तैनात आशा बहुओं व अन्य संपर्कों के माध्यम से ऐसे निसंतान दंपतियों की सूची तैयार करते थे, जिन्हें संतान की आवश्यकता होती थी. ​इसके बाद आरोपी ब्रह्मपाल के क्लीनिक पर काम करने वाले सुमित कुमार और किरणजीत कौर उर्फ 'सरदार आंटी' मांग के अनुसार बच्चों की डील तय करते थे. सौदा पक्का होते ही गिरोह के सदस्य रामकुमार दास और उसकी पत्नी रेशमा रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों पर रेकी कर अकेली महिलाओं के बच्चों को अगवा कर लेते थे. बच्चा चोरी करने वाले दंपती को कुल रकम का 50 प्रतिशत हिस्सा मिलता था, जबकि शेष राशि गिरोह के अन्य सदस्य आपस में बांट लेते थे.

​रेलवे कॉलोनी के पास से हुई गिरफ्तारी


अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की. बुधवार को सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने रेलवे कॉलोनी स्थित पानी की टंकी के पास घेराबंदी कर गिरोह के सभी नौ सदस्यों को दबोच लिया. आरोपियों के पास से सफेद रंग की हुंडई वेन्यू कार बरामद हुई.

ये आरोपी हुए गिरफ्तार


पकड़े गए आरोपियों में बिहार के रामकुमार दास व उसकी पत्नी रेशमा देवी, उत्तराखंड की किरणजीत उर्फ सरदार आंटी, रामपुर के सुमित कुमार, मुरादाबाद के संजय कुमार, ब्रह्मपाल सिंह, अर्चना, बबीता व अमरोहा निवासी हरिश्चंद्र शामिल हैं.