Raebareli Rahul Gandhi Speech: रायबरेली में राहुल गांधी का बड़ा हमला मोदी हजारों करोड़ के जहाज में उड़ते हैं, जनता से कहते हैं सोना मत खरीदो

Rahul Gandhi Attack On Modi: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने रायबरेली दौरे के दूसरे दिन मोदी सरकार पर तमाम आरोप लगाते दिखे. उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं और उस पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं, यह सच्चाई है.

Rahul Gandhi News

Newzo

• 01:59 PM • 20 May 2026

follow google news

Raebareli Rahul Gandhi Speech: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपने रायबरेली दौरे के दूसरे दिन बिल्कुल अलग और आक्रामक अंदाज में नजर आए. राही ब्लॉक के लोधवारी में महाबली वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद, उन्होंने 'बहुजन स्वाभिमान जन सभा' में केंद्र सरकार पर तीखे तीरों की बौछार कर दी. राहुल गांधी ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस को निशाने पर लेते हुए देश में एक बड़े 'आर्थिक तूफान' की भविष्यवाणी कर दी है.

यह भी पढ़ें...

​राहुल गांधी ने जनसभा में जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को नसीहतें दे रहे हैं, लेकिन खुद ऐश-ओ-आराम की जिंदगी जी रहे हैं. नरेंद्र मोदी कहते हैं कि विदेश मत जाएं, सोना न खरीदें, इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदें. खुलकर प्रधानमंत्री कहते हैं कि सोना मत खरीदें, विदेश न जाएं और खुद हज़ारों करोड़ रुपये के जहाज़ में विदेश जाते हैं. ​राहुल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आने वाले समय में किसान के पास खाद तक नहीं होगी. उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि देखिए कुछ महीनों में महंगाई कहां जाती है, पेट्रोल, डीज़ल, तेल, गैस, दाल, चावल के दाम कहां जाते हैं.

"देश में आने वाला है आर्थिक तूफान, रोएंगे पीएम मोदी”


राहुल गांधी ने देश के आर्थिक हालात को लेकर एक बड़ा और डराने वाला दावा किया है. उन्होंने कहा कि देश की बुनियाद के साथ खिलवाड़ किया गया है. राहुल ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है. उन्होंने कहा कि अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी व हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी. राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि जब हालात बिगड़ेंगे तो वे (पीएम मोदी) आपसे कहेंगे, रोएंगे और कहेंगे कि मेरी गलती नहीं है. नेता प्रतिपक्ष ने साफ कहा कि मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है क्योंकि इन्होंने इसे (संविधान) खत्म किया है.

​अंबानी-मोदी कनेक्शन पर बड़ा दावा: 'रूस से तेल खरीदकर बाहर बेच रहे'
महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर बोलते हुए राहुल गांधी ने देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी का नाम लेकर सीधा हमला बोला. उन्होंने चुनावी वादों की याद दिलाते हुए कहा कि चुनाव से पहले कहा गया कि पेट्रोल, गैस की कोई कमी नहीं है. पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे. आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं. अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदकर बाहर बेचते हैं और उस पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं, यह सच्चाई है.

​सियासी गलियारों में हलचल तेज


​रायबरेली की धरती से राहुल गांधी के इस 'चौतरफा हमले' ने सूबे से लेकर दिल्ली तक की सियासत में गरमाहट ला दी है. आर्थिक मंदी, उद्योगपतियों से साठगांठ और संविधान को खत्म करने के आरोपों पर अब देखना यह होगा कि भाजपा खेमे से इस पर क्या पलटवार आता है.