Rahul Gandhi Amethi News: अमेठी में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर बाइक रैली निकाली गई जिसमें में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे. राहुल गांधी के दौरे से पहले अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ता इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं.
ADVERTISEMENT
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है. कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला और ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ल अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भव्य बाइक रैली निकालकर कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए.
अमेठी से शुरू हुई इस बाइक रैली में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे. रैली के दौरान कार्यकर्ता हाथों में कांग्रेस पार्टी के झंडे लिए राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए. पूरे रास्ते “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंजता रहा. बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी भी देखने को मिली.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क
रैली के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और कांग्रेस समर्थकों ने नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया. जगह-जगह फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा.
“राहुल गांधी का अमेठी से विशेष लगाव है”
पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी का अमेठी से विशेष लगाव है और उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है. वहीं ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ल ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन ऐतिहासिक होगा और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर कांग्रेस की मजबूती का संदेश देंगे. राहुल गांधी के दौरे से पहले अमेठी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं.
ADVERTISEMENT









