Amethi News: अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती रोडवेज बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही बस में सवार यात्रियों, चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. हादसे में सभी 42 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई.
ADVERTISEMENT
घटना अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर दुर्गापुर चौराहे के पास की है. जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर डिपो की रोडवेज बस संख्या UP 44 BT 4036 प्रतापगढ़ की ओर जा रही थी. बस को चालक मोहम्मद अनीस चला रहे थे, जबकि परिचालक रविकांत ड्यूटी पर तैनात थे.
बताया जा रहा है कि बस जैसे ही दुर्गापुर चौराहे के पास पहुंची, तभी अचानक उसमें धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी. घटना के चलते हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
परिचालक रविकांत ने बताया कि बस सुल्तानपुर डिपो की थी और उसमें 42 यात्री सवार थे. प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद और वैकल्पिक संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ADVERTISEMENT









