Amethi Crime News: अमेठी में पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड से सिर पर वार, दो आरोपी गिरफ्तार

Amethi News: अमेठी के मुंशीगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

Newzo

• 03:57 PM • 13 May 2026

follow google news

Amethi News: अमेठी मुंशीगंज थाना क्षेत्र के पूरे शुक्लन भिटवा मजरे चिलबिली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था. पीड़ित अवधेश यादव पुत्र शिवबरन यादव ने थाना मुंशीगंज में दी गई तहरीर में बताया कि 12 मई की रात करीब 12:35 बजे बिजली चले जाने के कारण वह घर से कुछ दूरी पर टहल रहा था.

यह भी पढ़ें...

आरोप है कि उसी दौरान गांव के अनिरुद्ध यादव पुत्र राजाराम यादव और बलराज यादव पुत्र श्रीपाल यादव पहले से घात लगाकर बैठे थे. पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया और जान से मारने की नियत से कई वार किए. हमले में अवधेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गया.

घटना के बाद परिजन घायल युवक को लेकर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ भेजा. प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल गौरीगंज रेफर कर दिया, जहां सीटी स्कैन सहित अन्य जांच कराई गई.

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना मुंशीगंज पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना मुंशीगंज में मुकदमा अपराध संख्या 44/26 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है. गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त त्रिपाठी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार वर्मा, कांस्टेबल फईम अली तथा कांस्टेबल शिवम सविता शामिल रहे. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की मौत पर समाजवादी पार्टी ने उठा दिए सवाल, बड़ा बयान आया सामने