Amethi Hadsa: अमेठी में देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया. हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
ADVERTISEMENT
अमेठी जिले के मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने सुल्तानपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. तीनों युवक गांव में आयोजित बरीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे.
जानकारी के अनुसार, पूरब दुवारा गांव निवासी राजकुमार के यहां बरीक्षा का कार्यक्रम था. इसी कार्यक्रम में शामिल होने गांव का युवक करन पुत्र रमई तथा सुल्तानपुर के घसीटू का पुरवा निवासी अंकित पुत्र हरीलाल और अर्जुन पुत्र नंदलाल आए हुए थे. देर रात तीनों किसी काम से गांव के बाहर गए थे. वापस लौटते समय शिवगंज गांव के पास कट पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसा इतना भीषण था कि करन और अंकित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही मुंशीगंज पुलिस और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल युवक को एंबुलेंस से सुल्तानपुर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे के समय ट्रक तेज रफ्तार में थी और उसके पीछे एक अन्य ट्रक भी चल रही थी. दोनों वाहनों ने युवकों को रौंद दिया और घटना के बाद रायबरेली की ओर फरार हो गए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसा करने वाले ट्रकों की पहचान की जा सके.
थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि दो युवकों की मौत घटनास्थल पर हुई थी, जबकि तीसरे युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें: UP के बरेली में डरावना हादसा...तेज आंधी में हवा में उड़ गया शख्स, वीडियो हुआ वायरल
ADVERTISEMENT









