Raebareli Murder Case: जिस घर में दामाद करा रहा था इलाज, वहीं पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर घोंट दिया गला, पुलिस ने दोनों को दबोचा

Raebareli News: बीमार पति रामदेव अपनी ससुराल में इलाज करा रहा था, लेकिन उसकी पत्नी रेनू ने प्रेमी अजीम के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी. प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया गया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अनाथ हुए मासूम बच्चे बदहवास हैं.

Raebareli crime news

Newzo

• 12:32 PM • 14 May 2026

follow google news

Raebareli News: प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया. डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे तिवारी मजरे रामपुर बरारा में ससुराल में रहकर अपना इलाज करा रहे युवक की उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी. साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पास के ही एक खेत में फेंक दिया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

​बीमारी की हालत में दी दर्दनाक मौत

नसीराबाद के कपूरपुर निवासी रामदेव (35) का विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व तिवारी मजरे रामपुर बरारा निवासी रेनू के साथ हुआ था. कुछ समय पूर्व एक हादसे में रामदेव के पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद वह पिछले चार माह से अपनी ससुराल में ही रहकर उपचार करा रहा था. बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक खेत में युवक का शव पड़ा देखा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब शिनाख्त की तो वह रामदेव निकला.

​भाई की तहरीर पर खुला राज

मृतक के भाई रामजस ने कोतवाली पहुंचकर अपनी भाभी रेनू और उसके प्रेमी अजीम पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी. पुलिस ने संदेह के आधार पर जब रेनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह पहले अनजान बनी रही. लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई बरती, तो वह टूट गई और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि रामदेव उनके संबंधों में बाधा बन रहा था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.

​बदहवास हैं मासूम बच्चे

रामदेव की मौत की सूचना से उसके 11 वर्षीय पुत्र शिवम और ऋषभ का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में इस जघन्य हत्याकांड को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है. कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.