सुबह अखिलेश के साथ आए नजर, शाम को भाजपा की लिस्ट में भी मिला नाम, कौन हैं सिनोद शाक्य?

कुमार अभिषेक

• 12:14 PM • 27 Oct 2026

उत्तर प्रदेश में बदायूं के पूर्व विधायक सिनोद कुमार शाक्य सोमवार को अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए, लेकिन उसी शाम जारी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति-2026 की सूची में भी उनका नाम सामने आया.

UPTak
Google CTA

उत्तर प्रदेश में बदायूं के पूर्व विधायक सिनोद कुमार शाक्य सोमवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए, लेकिन शाम को जारी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की सूची में भी उनका नाम दर्ज मिला. अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता लेने वाले सिनोद शाक्य को भाजपा ने बदायूं से प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया है. सूची में उनका नाम 88वें नंबर पर है.

यह भी पढ़ें...

सिनोद शाक्य के सपा में शामिल होने और उसी दिन भाजपा की सूची में नाम आने से घटनाक्रम चर्चा में है. सोमवार को लखनऊ में अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. उनके साथ कुशाग्र सागर ने भी सपा का दामन थामा. 

इसी दिन शाम को भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति-2026 के सदस्यों की सूची जारी की, जिसमें सिनोद शाक्य का नाम शामिल था. भाजपा की ओर से अब तक इस संबंध में कोई अलग आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.

भाजपा की तीन सूचियों में कुल 712 नाम

भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति के साथ स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची भी जारी की है. तीनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 712 नेताओं को जगह दी गई है. प्रदेश कार्यसमिति में 548 सदस्य हैं. इसके अलावा 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 134 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं.

स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम शामिल हैं. इनके अलावा केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, स्मृति ईरानी और स्वतंत्र देव सिंह को भी जगह मिली है.

विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में अरुण सिंह, राधा मोहन दास अग्रवाल, सुरेश नागर, राजेश अग्रवाल, राजकुमार चाहर और गौरव भाटिया समेत कई नेता शामिल हैं. बेबी रानी मौर्य और सुरेश खन्ना के नाम भी इस सूची में हैं.

प्रदेश कार्यसमिति के 548 सदस्यों में सत्यपाल सिंह, सरिता चौधरी, मुंशीलाल गौतम, रविंद्र राजौरा, सतीश शर्मा और अमित वाल्मीकि समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है. इसी सूची में सिनोद कुमार शाक्य का नाम भी दर्ज है.

दो बार बसपा से विधायक बने, फिर भाजपा में गए थे सिनोद शाक्य

सिनोद कुमार शाक्य बदायूं जिले की दातागंज विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं. उन्होंने 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर जीत दर्ज की थी.

2022 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे. हालांकि, सपा ने दातागंज सीट से उन्हें टिकट देने के बजाय कैप्टन अर्जुन सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया. इसके बाद विधान परिषद चुनाव में नामांकन वापस लेने के बाद सिनोद शाक्य भाजपा में चले गए थे.

अब उन्होंने एक बार फिर सपा का दामन थाम लिया है, लेकिन जिस दिन वह अखिलेश यादव के साथ नजर आए, उसी दिन भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की सूची में उनका नाम भी सामने आया.  

ये भी पढ़ें- कौन हैं IAS अभय सिंह, जिन पर BJP के बागी MLC देवेंद्र प्रताप सिंह की शिकायत पर हो गया बड़ा एक्शन!