यूपी पंचायत चुनाव पर राजभर का नया बयान, कब तक करना होगा इंतजार?

यूपी तक

• 06:29 PM • 26 Oct 2026

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तारीखों को लेकर कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि वह चाहते हैं कि चुनाव अभी करा दिए जाएं, लेकिन पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार है.

UPTak
Google CTA

UP Panchayat Election: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव कब होंगे? इस सवाल पर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि वह चाहते हैं कि चुनाव अभी हो जाएं. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद ही चुनाव से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी.

यह भी पढ़ें...

राजभर का बयान ऐसे समय आया है, जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश में तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने का निर्देश दिया है. चुनाव में पिछड़े वर्ग के आरक्षण को लेकर आयोग की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. राजभर पहले भी कह चुके हैं कि सरकार चुनाव कराने के लिए तैयार है और रिपोर्ट मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है. 

पंचायत चुनाव पर राजभर ने क्या कहा?

पंचायत चुनाव को लेकर राजभर ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि चुनाव अभी करा दिए जाएं, लेकिन पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार है. दरअसल, रिपोर्ट पंचायतों में पिछड़े वर्ग के आरक्षण को तय करने के लिए जरूरी है. आयोग की रिपोर्ट आने के बाद सरकार आगे की प्रक्रिया बढ़ा सकेगी.

हाईकोर्ट ने तीन महीने में चुनाव कराने का दिया है आदेश

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव में देरी का मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंचा था. अदालत ने राज्य में तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने का निर्देश दिया है. अदालत के सामने पिछड़े वर्ग के आरक्षण का मुद्दा भी था.

राज्य सरकार ने पंचायतों में ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया है. आयोग को पिछड़े वर्गों के प्रतिनिधित्व और उनकी स्थिति का अध्ययन कर आरक्षण के संबंध में सिफारिशें देनी हैं. आयोग की रिपोर्ट के आधार पर पंचायतों की सीटों पर आरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. 

क्या चुनाव की तैयारी पूरी है?

राजभर इससे पहले कह चुके हैं कि पंचायत चुनाव कराने के लिए सरकार तैयार है. उन्होंने दावा किया था कि मतदाता सूची तैयार है और मतपत्र जिलों तक भेजे जा चुके हैं. उनके मुताबिक, पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट मिलते ही चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है. 

हालांकि, चुनाव की तारीखों को लेकर अभी कोई निश्चित घोषणा नहीं हुई है. आयोग की रिपोर्ट आने के बाद आरक्षण तय करने और चुनाव से जुड़ी बाकी औपचारिकताओं पर आगे काम किया जाना है.

29 नवंबर को आजमगढ़ में NDA की रैली

पंचायत चुनाव पर बयान के अलावा राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में होने वाली रैली का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि रैली में एनडीए के सभी दलों को बुलाया गया है. संजय निषाद को बुलाने के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी दल रैली में मौजूद रहेंगे. राजभर ने आजमगढ़ में होने वाली रैली को लेकर कहा कि वहां 'न भूतों न भविष्यते' वाली रैली होगी. रैली सुभासपा की ओर से आयोजित की जा रही है. 

खरगे और राहुल गांधी पर भी बोले राजभर

राजभर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने खरगे से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की.

सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट से राहुल गांधी को मानहानि के मामले में दोषमुक्त किए जाने पर राजभर ने कहा कि नेताओं को इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए. मामला गृह मंत्री अमित शाह पर राहुल गांधी की टिप्पणी से जुड़ा था. सोमवार, 26 अक्टूबर को अदालत ने साक्ष्य के अभाव में राहुल गांधी को दोषमुक्त कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें- कौन हैं विजय मिश्रा? राहुल गांधी के खिलाफ कोर्ट जाने वाले भाजपा नेता की Inside Story