Raebareli News: रायबरेली में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए मजदूर, एक की मौत, दो गंभीर

Raebareli tragic accident: रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में टीनशेड मरम्मत का काम कर रहे तीन मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आगए

Raebareli News

Newzo

• 05:37 PM • 19 May 2026

follow google news

Raebareli accident: रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में टीनशेड मरम्मत का काम कर रहे तीन मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए. हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, जिंगना कोल्ड स्टोर के पास रहने वाले महेश सिंह की दुकान का टीनशेड हाल ही में आई आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त हो गया था. मंगलवार दोपहर पूरे बैसन मजरे जिंगना निवासी सुल्तान (30), कुलदीप (27) और नन्हू (35) टीनशेड की मरम्मत का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान काम में इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया.

पाइप के हाईटेंशन लाइन से संपर्क में आते ही तेज करंट दौड़ गया और तीनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसा इतना भीषण था कि सुल्तान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुलदीप और नन्हू गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया.

हादसे की खबर जैसे ही सुल्तान के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी शिवानी, माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सुल्तान अपने पीछे दो वर्षीय बेटे निखिल को छोड़ गया है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया.


जगतपुर थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि करंट लगने से एक युवक की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.