RaeBareli News: रायबरेली सड़क हादसा ड्राइवर की लापरवाही पड़ी भारी, गुटखा थूकने के चक्कर में दुकान में घुसी तेज रफ्तार रोडवेज बस

Raebareli News: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर आज सुबह एक बड़ा और हैरान करने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक रोडवेज बस के चालक की जरा सी लापरवाही बस में सवार दो दर्जन यात्रियों की जिंदगी पर भारी पड़ गई.

RaeBareli Accident News

Newzo

• 11:56 AM • 21 May 2026

follow google news

Raebareli News: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर आज सुबह एक बड़ा और हैरान करने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक रोडवेज बस के चालक की जरा सी लापरवाही बस में सवार दो दर्जन यात्रियों की जिंदगी पर भारी पड़ गई.

यह भी पढ़ें...

हरचंदपुर थाना क्षेत्र के मेदनीलाल का पुरवा के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बनी दुकान में जा घुसी.

दिल दहला देने वाले इस हादसे में 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. चीख-पुकार के बीच मौके पर पहुंची 3 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कई छात्रों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

गुटखा थूकने के फेर में खोया नियंत्रण

बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, रायबरेली डिपो की यह बस सुबह करीब 20 यात्रियों को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुई थी. सुबह करीब पौने छह बजे जैसे ही बस हरचंदपुर क्षेत्र के मेदनीलाल का पुरवा के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार बस के चालक ने खिड़की से बाहर गुटखा थूकने का प्रयास किया. इसी फेर में उसका ध्यान स्टीयरिंग से हट गया और बस पूरी तरह अनियंत्रित हो गई. जब तक चालक संभल पाता, तेज रफ्तार बस हाईवे किनारे बनी एक दुकान को मलबे में तब्दील करते हुए अंदर जा घुसी.

यात्रियों का दर्द "भविष्य का पेपर देने निकले थे, अस्पताल पहुंच गए"

बस में सवार यात्रियों में अधिकांश वो छात्र थे जो लेखपाल भर्ती परीक्षा देने के लिए लखनऊ जा रहे थे. आंखों में सुनहरे भविष्य का सपना लिए निकले इन छात्रों को क्या पता था कि ड्राइवर की एक गंदी लत उन्हें परीक्षा केंद्र के बजाय अस्पताल के बेड पर पहुंचा देगी. हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। किताबों और एडमिट कार्ड के पन्ने खून से सन गए.

प्रशासनिक अमले में खलबली, परिवहन विभाग के अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और परिवहन विभाग के आला अधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में जिला प्रशासन ने तीन एंबुलेंस को मौके पर भेजा और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायल छात्रों और यात्रियों को बाहर निकाला.

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लिया और यात्रियों से पूछताछ की. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

उधर, जिला अस्पताल रेफर किए गए छात्रों के इलाज के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम को लगाया गया है. स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.