Ballia Electricity Crisis: बलिया में बिजली संकट पर सियासत गरम, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने अफसरों को लिखा सख्त पत्र, 24 घंटे सप्लाई की मांग तेज

Ballia Power Crisis News: बलिया में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और ट्रिपिंग से जनता परेशान है. पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर नए उपकेंद्रों की स्थापना, जर्जर तार बदलने और कई गांवों में 18 से 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई है.

Ballia Power Crisis

Newzo

• 05:16 PM • 22 May 2026

follow google news

Ballia Power Crisis News: बलिया में भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौनी और ट्रिपिंग से जनता परेशान है, जिस पर पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने अधीक्षण अभियंता को कड़ा पत्र लिखा है. उन्होंने नए 132/33 KV और 33/11 KV उपकेंद्रों की स्थापना, जर्जर तारों के बदलाव और कई गांवों में 18–24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौनी और ट्रिपिंग से त्रस्त जनता की आवाज अब शासन प्रशासन तक पहुंचने लगी है. पूर्व राज्य मंत्री और भाजपा नेता आनन्द शवरूप शुक्ल ने बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र की चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता को एक बेहद महत्वपूर्ण पत्र लिखकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नए बिजली उपकेंद्रों की स्थापना की पुरजोर मांग की है.

भीषण गर्मी में जनता बेहाल, बुनियादी ढांचा सुदृढ करना बेहद जरूरी

पूर्व मंत्री आनंद शुक्ला ने अपने पत्र में लिखा है कि वर्तमान ग्रीष्म ऋतु में भीषण गर्मी के प्रकोप के कारण सुचारू विद्युत आपूर्ति जनता के लिए नितांत आवश्यक हो गई है. बलिया नगर के शहरी और ग्रामीण दोनों अंचलों में लगातार बढ़ रही बिजली की मांग, अत्यधिक लोड और आए दिन होने वाली तकनीकी ट्रिपिंग के चलते आम जनमानस को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि विद्युत और अवसंरचना को सुदृढ करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर विकासात्मक और जीर्णोद्धार कार्य कराया जाए.

पूर्व मंत्री ने गिनाई ये 5 बड़ी मांगे

विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पांच मुख्य बिंदुओं पर तुरंत काम करने की अपील की. ग्रामसभा दुबहड़ के ग्राम डुमरी में 132/33 KV के साथ-साथ 33/11 KV का नवीन विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाए, ताकि रघुनाथपुर उपकेंद्र से होने वाली ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू हो सके. बांसडीह रोड क्षेत्र में 33/11 KV का नया विद्युत उपकेंद्र बने, जिससे टकरसन से लेकर फुलवासिया और दवनी तक निर्बाध बिजली मिल सके.

पूर्व मंत्री ने विद्युत उपकेंद्र टकरसन की जर्जर हो चुकी ट्राली एवं 11 केवी के जर्जर तारों को तुरंत बदलने की अपील की. वही हल्दी, भरसौंता, सुल्तानपुर, परसिया, हंसनगर, नंदपुर, उदवन्त छपरा,नेम छपरा, राजपुर एकौना, बजरहां, चैन छपरा, पिंडारी, वसुधरपाह,पुरास रोहुन्वा, सराक और चंदवक जैसे बड़े ग्राम समूह में निर्बाध आपूर्ति के लिए 33/11 केवी का नया सबस्टेशन स्थापित करने की मांग की है. हनुमानगंज उपकेंद्र से सन्चालित होने वाले ग्राम समूह धरहरा, धर्मपुरा एवं कुम्हैला तक नियमानुसार 18 से 24 घण्टे की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए.

अधिकारियों को दें कड़े निर्देश

आनंद स्वरूप शुक्ला ने अधीक्षण अभियंता से कड़े शब्दों में आग्रह किया है कि इन सभी कार्यों को जनहित में करने के लिए शासन को तत्काल प्रस्ताव भेजा जाए, साथ ही उन्होंने बिजली विभाग के अधीनस्थ कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी करने को कहा है ताकि भीषण गर्मी में जनता को शासनादेश के मुताबिक पूरी बिजली मिल सके. 

अब देखना यह होगा कि पूर्व मंत्री के इस कड़े पत्र के बाद सोए हुए बिजली विभाग की नींद टूटती है या बलिया की जनता को इस तपती गर्मी में ऐसे ही ट्रिपिंग और अघोषित बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ेगा.