जेल में बंद दीपिका नागर के पति रितिक ने रो-रोकर बताई उस रात हुए झगड़े वाली पूरी कहानी

Deepika Nagar Case: ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर मौत मामले में दहेज हत्या और हादसे के बीच सस्पेंस गहराता जा रहा है. मायके पक्ष ने पति और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि जेल में बंद पति ने झगड़े की अलग कहानी बताई. पुलिस जांच जारी है.

Deepika Nagar and her Husband

गौरव कुमार पांडेय

22 May 2026 (अपडेटेड: 22 May 2026, 04:56 PM)

follow google news

Deepika Nagar Case: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में 18 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर हुई दीपिका नागर की मौत का मामला लगातार गरमाता जा रहा है. हंसती-खिलखिलाती और बेहद खूबसूरत दीपिका की मौत दहेज के लिए की गई हत्या है या कुछ और,इस पर सस्पेंस बरकरार है. एक तरफ जहां मायके पक्ष ने ससुर विनोद और पति रितिक पर 1 करोड़ खर्च करने के बाद भी 50 लाख कैश और फॉर्च्यूनर कार के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं दूसरी तरफ जेल में बंद पति रितिक ने अपने ताऊ सुरेश से मुलाकात के दौरान उस रात की एक अलग ही कहानी बयां की है. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दोनों के प्यार भरे वीडियो और ससुर द्वारा बहू के नाम की गई करोड़ों की प्रॉपर्टी के दावों ने इस पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है.

यह भी पढ़ें...

'उस रात काम के बोझ को लेकर हुआ था झगड़ा'

दीपिका की मौत के आरोप में जेल में बंद पति रितिक से जब उसके ताऊ सुरेश कुमार मुलाकात करने पहुंचे तो रितिक रो पड़ा. ताऊ सुरेश के मुताबिक, रितिक ने उस रात (17-18 मई की रात) की हकीकत शेयर करते हुए बताया कि 'ताऊ जी, हमारे बीच पहले से कोई विवाद या लड़ाई नहीं थी. दरअसल पिछले 13 तारीख से ऋतिक की चाची (चचेरी सास) अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती हैं, जहां उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है. रितिक की मां भी उन्हीं की देखरेख में लगातार हॉस्पिटल में ही हैं.  घर पर मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ था और चाय-पानी से लेकर सारा काम अकेले दीपिका को ही संभालना पड़ रहा था. काम के अत्यधिक बोझ के कारण रात के करीब 11:30 से 12:00 बजे हमारे बीच बहस शुरू हो गई. दीपिका कहने लगी कि 'सारा काम मैं ही कर रही हूं, कोई और हाथ नहीं बंटाता, तुम मुझसे प्यार नहीं करते. बस इसी बात को लेकर हमारे बीच आर्गुमेंट्स हुए थे.

'बहू के नाम पर थे विला और प्लॉट'

दीपिका के पिता द्वारा लगाए गए दहेज के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए ताऊ सुरेश ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए. उन्होंने दावा किया कि रितिक इकलौता बेटा है और यह शादी बिना किसी दहेज के लालच के सिर्फ लड़की की खूबसूरती और उसकी उच्च शिक्षा को देखकर की गई थी. सुरेश ने बताया कि 'दहेज मांगने की बात बिल्कुल झूठी है. रितिक के पिता (ससुर) ने तो खुद दीपिका के नाम पर जलपुरा में विला और कॉलोनी के अंदर दो प्लॉट खरीदे हुए थे जिनकी रजिस्ट्री आज भी घर में मौजूद है. यही नहीं चूंकि दीपिका काफी पढ़ी-लिखी थी इसलिए उसके ससुर मनोज (विनोद) जलपुरा में अपने पुराने स्कूल के साथ ही एक बड़ा स्कूल बनवा रहे थे, जिसका कंस्ट्रक्शन अभी चल रहा है. ससुर का प्लान था कि इस नए बड़े स्कूल की चाबी बहू दीपिका को सौंप दी जाए और वह वहां की प्रिंसिपल बनकर उसे संभाले.'

मायके पक्ष द्वारा ससुर को भूमाफिया बताए जाने और दर्जनों मुकदमे होने के आरोपों पर ताऊ ने कहा कि दीपिका की शादी खुद उसके सचेरे भाई और मामा ने कराई है जो महज 1 किलोमीटर दूर के गांव के रहने वाले हैं. अगर ऐसा कुछ था तो क्या उन्हें पहले से यह सब नहीं मालूम था?

सोशल मीडिया पर पैर दबाने का वीडियो वायरल इस बीच सोशल मीडिया पर रितिक और दीपिका नागर के कुछ बेहद निजी वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में रितिक अपनी पत्नी दीपिका के पैर दबाता, उनके पैरों में नेल पॉलिश लगाता और पैर छूता हुआ नजर आ रहा है. इन वीडियोज को लेकर ताऊ सुरेश का कहना है कि दोनों के बीच अगाध प्रेम था और इससे पहले परिवार या समाज में कभी दोनों के बीच किसी विवाद को लेकर कोई पंचायत नहीं हुई.

पिता का रो-रोकर बुरा हाल

इसके विपरीत दीपिका के पिता का आरोप बेहद खौफनाक है. उन्होंने रोते हुए यूपी Tak को बताया कि 'मेरी बेटी ने कई बार मुझे फोन पर प्रताड़ना की बात बताई थी. घटना वाले दिन भी उसका फोन आया तो मैं अपने साले बाबूराम भाटी (अहमदाबाद गांव निवासी) के साथ वहां गया और बेटी को समझा-बुझाकर वापस आया. हमारे वहां से निकलने के महज आधे घंटे बाद ही रितिक और उसके परिवार ने मेरी बेटी को घर के अंदर बेरहमी से मारा. उसके बेड पर लड़ाई के निशान हैं और बेटी के पूरे शरीर पर चोट व नील के घाव हैं. उसे जान से मारने के बाद वे लोग शव को छत पर ले गए और वहां से नीचे फेंक दिया ताकि यह एक हादसा या सुसाइड लगे. वे लोग कहते थे कि हमें तो फॉर्च्यूनर मिलनी चाहिए थी, तुमने हमें यह क्या दे दिया.'

पति और ससुर समेत 4 गिरफ्तार

मात्र 14 महीने पहले शादी के बंधन में बंधी दीपिका नागर की इस संदिग्ध मौत ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. मायके पक्ष की तहरीर और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक, ससुर और चचिया ससुर समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. नोएडा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर गहन तफ्तीश की जा रही है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.