Ghazipur news Dm Anupam Shukla: उत्तर प्रदेश में भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन तो अब आम बात हो चुकी है. लेकिन गाजीपुर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 'सिंघम स्टाइल' में भूमाफियाओं, अतिक्रमणकारियों और सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों को बेहद कड़ी चेतावनी दी है. जिले में कोर्ट के आदेशों के अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के बीच डीएम ने साफ कर दिया है कि अगर किसी ने भी सरकारी काम में रोड़ा अटकाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सीधे राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है.
ADVERTISEMENT
12 मई से कोर्ट के आदेशों को लागू कराने का अभियान
एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में 12 मई 2026 से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है.इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न राजस्व न्यायालयों और अन्य सक्षम न्यायालयों द्वारा पारित किए गए आदेशों का जमीन पर पूरी तरह अनुपालन कराना है. डीएम ने कहा कि इस अभियान के दौरान कई स्थानों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद कुछ रसूखदार और अराजक लोग सरकारी जमीनों को खाली कराने या अन्य सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं.
जिलाधिकारी ने भूमाफियाओं और अतिक्रमणकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति को न्यायालय के किसी आदेश पर कोई आपत्ति है तो उसके लिए देश में कानूनी रास्ते खुले हैं. वह सक्षम उच्च अधिकारियों के पास जा सकता है या अपीलेट कोर्ट में जाकर प्रमाणों के साथ अपनी बात रख सकता है और वहां से आदेश के खिलाफ कानूनी स्टे भी ले सकता है. लेकिन शासन और कानून की मंशा के विपरीत जाकर जमीन पर दादागीरी करना, अतिक्रमण करना और सरकारी कार्यों में व्यवधान डालना बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा.
सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर लगेगा NSA
गाजीपुर डीएम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले अराजक तत्वों पर न सिर्फ पुलिस की कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज होगा बल्कि जरूरत पड़ने पर प्रशासन उनके खिलाफ एनएसए लगाने से भी पीछे नहीं हटेगा. उन्होंने साफ किया कि गाजीपुर जिला प्रशासन और पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.
डीएम की जनता से अपील
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को कोई जायज शिकायत है तो वह 'जनता दर्शन' में या सक्षम अधिकारियों के समक्ष अपने पुख्ता प्रमाणों और कागजातों के साथ अपनी बात रखे.जिला प्रशासन हर शिकायत की गंभीरता से जांच कराकर नियमानुसार न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करेगा. डीएम की इस सख्त हिदायत के बाद से जिले के भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT









