PM मोदी को अपशब्द कहे जाने पर घिरे अजय राय! बवाल मचने पर सामने आकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने दे डाली ये सफाई

रोशन जायसवाल

22 May 2026 (अपडेटेड: 18 Jul 2026, 10:24 PM)

UP Politics News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय एक बार फिर अपने बयानों को लेकर विवादों में घिर गए हैं. महोबा दौरे के दौरान कार में बैठते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उनके द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Ajay Rai, PM Modi, Congress, BJP, controversial video, Mahoba, AI generated, UP politics

UP Congress Chief Ajay Rai (File Photo)

Google CTA

UP Politics News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय एक बार फिर अपने बयानों को लेकर विवादों में घिर गए हैं. महोबा दौरे के दौरान कार में बैठते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उनके द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. हालांकि, विवाद बढ़ता देख अजय राय ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई भी पेश की है.

यह भी पढ़ें...

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

यह पूरा मामला अजय राय के महोबा दौरे से जुड़ा है, जहां वह एक सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) पीड़िता से मुलाकात करने पहुंचे थे. मुलाकात खत्म होने के बाद जब वह वापस लौटने के लिए अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे, तभी अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बेहद अशोभनीय और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया. यह पूरी बातचीत वहां मौजूद कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. इसके बाद गाली देते हुए उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और राजनीतिक गलियारों में इसकी तीखी आलोचना शुरू हो गई.

भाजपा का कांग्रेस पर तीखा पलटवार

वीडियो के वायरल होते ही भाजपा नेताओं ने अजय राय और कांग्रेस पार्टी पर चौतरफा हमला बोल दिया. भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा कि कुछ समय पहले जब अजय राय बीमार थे, तब प्रधानमंत्री मोदी ने खुद फोन कर उनके जल्द ठीक होने की कामना की थी, लेकिन आज वह कैमरे पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते पकड़े गए हैं. मालवीय ने कहा कि यही कांग्रेस का असली स्तर है, जो शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से देती है. वहीं भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे लगातार मिल रही हार की कुंठा करार दिया.

अजय राय ने वीडियो को बताया 'AI जेनरेटेड'

इस बढ़ते सियासी बवाल के बीच जब मीडिया टीम ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय से संपर्क कर उनका पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया. अजय राय ने अपनी सफाई में दावा किया कि वायरल हो रहा वीडियो पूरी तरह फर्जी है. उनके असली वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से तैयार किया गया है. अपनी यह संक्षिप्त सफाई देने के तुरंत बाद कांग्रेस नेता ने फोन काट दिया. वैसे यह पहली बार नहीं है जब अजय राय अपने बयानों के कारण चर्चा में हैं; इससे पहले भी वह स्मृति ईरानी पर 'लटके-झटके' वाली टिप्पणी और मोदी-योगी सरकार को 'जमीन में गाड़ने' जैसे बयानों के कारण कानूनी और राजनीतिक विवादों का सामना कर चुके हैं.