'अब न कर्फ्यू है न दंगा है, बुलंदशहर में सब चंगा है', CM योगी का बड़ा दावा; बोले- यूपी नंबर वन

आशीष श्रीवास्तव

• 04:05 PM • 18 Jul 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में 574 करोड़ रुपये की 57 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश कई क्षेत्रों में देश का नंबर वन राज्य बन गया है.

Yogi Adityanath Bulandshahr Rally

Yogi Adityanath Bulandshahr Rally (Photo:AI)

Google CTA

Yogi Adityanath Bulandshahr Rally: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में 574 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, विकास और औद्योगिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जो प्रदेश 2017 से पहले पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, वह अब कई क्षेत्रों में देश में नंबर वन बन गया है.

यह भी पढ़ें...

CM योगी ने यूपी को बताया नंबर वन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में देश में पहले स्थान पर है. उन्होंने कहा, 'देश में बनने वाले 55 फीसदी मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहे हैं, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 फीसदी उत्पादन भी प्रदेश में हो रहा है.' मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बदलाव राज्य में बेहतर औद्योगिक माहौल और निवेश के कारण संभव हुआ है. उन्होंने यह भी कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान खराब सड़कों और कमजोर बुनियादी सुविधाओं से होती थी, लेकिन अब प्रदेश के पास कई राज्यों से बेहतर सड़क नेटवर्क है.
 

कानून-व्यवस्था पर बोले- अब न कर्फ्यू है, न दंगा

मुख्यमंत्री योगी ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में परिवार बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे और व्यापारी भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे. सीएम योगी ने कहा, 'अब न कर्फ्यू है, न दंगा है, बुलंदशहर में सब चंगा है.'

उन्होंने दावा किया कि पहले हर जिले में माफिया का प्रभाव था और थानों तक उनकी पकड़ रहती थी, लेकिन अब सरकार ने अपराध और माफिया पर सख्त कार्रवाई की है. उन्होंने कहा, 'हमने कहा था कि माफिया को मिट्टी में मिला देंगे, हमने मिला दिया.'

बुलंदशहर की कनेक्टिविटी पर भी दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर आने वाले समय में प्रदेश के सबसे अधिक लाभ पाने वाले जिलों में शामिल होगा. उन्होंने कहा कि जेवर में बन रहा एयरपोर्ट भले ही गौतमबुद्ध नगर में स्थित हो, लेकिन उसका सबसे बड़ा फायदा बुलंदशहर को मिलेगा. उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और परिवहन सुविधाओं के कारण जिले की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है, जिससे उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे.

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, '2017 के पहले बबुआ 12 बजे सोकर उठते थे, 2 बजे तक तैयार होते थे और 5 बजते ही उनके जिम जाने का समय हो जाता था. फिर महफिल बैठ जाती थी, जनता के लिए उनके पास समय नहीं था.' मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'उन्होंने पहले भी कुछ नहीं किया था और आगे भी प्रभु राम ने उन्हें इस लायक नहीं छोड़ा कि वह कुछ कर सकें.' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं को प्रदेश की प्रगति और जनता के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.