अखिलेश यादव का मैसेज लेकर सोनम वांगचुक के पास जंतर-मंतर पहुंचीं डिंपल यादव?

Dimple Yadav at Jantar Mantar: जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के आंदोलन को समाजवादी पार्टी का खुला समर्थन मिला. सांसद डिंपल यादव ने अनशन स्थल पहुंचकर उनकी सेहत जानी और अनशन तोड़ने की अपील की.

Dimple Yadav meet Sonam Wangchuk

Dimple Yadav meet Sonam Wangchuk

Google CTA

Dimple Yadav at Jantar Mantar: जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को अब देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टियों में से एक समाजवादी पार्टी का खुला समर्थन मिल गया है. आंदोलन के बीच आज सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव खुद जंतर-मंतर पहुंचीं. डिंपल यादव ने अनशन पर बैठे मशहूर पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के पास बैठकर बातचीत की और उनकी सेहत का हाल जाना. इस दौरान डिंपल यादव ने वांगचुक से अनशन तोड़ने की गुजारिश भी की. लेकिन वांगचुक अपने संकल्प पर अडिग दिखे. सपा के इस बड़े कदम के बाद जंतर-मंतर की सियासी तपिश और ज्यादा बढ़ गई है.

यह भी पढ़ें...

डिंपल यादव के साथ सांसदों और विधायकों की भारी फौज पहुंची

जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक और प्रदर्शनकारी छात्रों को समर्थन देने के लिए समाजवादी पार्टी ने अपने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा. सांसद डिंपल यादव के साथ धर्मेंद्र यादव, मुहिबुल्लाह नदवी सहित पार्टी के तमाम बड़े पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे. सपा नेताओं ने केवल वांगचुक से मुलाकात ही नहीं की बल्कि छात्रों के भविष्य, रोजगार और नीट परीक्षा में हुई धांधली जैसे कई गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की.

डिंपल यादव की भावुक गुजारिश

सोनम वांगचुक के लगातार गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए डिंपल यादव ने उनसे अपील करते हुए कहा कि देश को उनके जैसे विचारकों और मार्गदर्शकों की जरूरत है. इसलिए उन्हें अपना अनशन अब त्याग देना चाहिए. हालांकि सोनम वांगचुक ने साफ कर दिया कि वह इस लड़ाई को आर-पार के मूड में लड़ रहे हैं. जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं या यह मुद्दा तार्किक परिणति तक नहीं पहुंचता, वह पीछे नहीं हटेंगे. दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

मंच से गरजे धर्मेंद्र यादव

एक तरफ जहां डिंपल यादव सोनम वांगचुक से संवाद कर रही थीं. वहीं दूसरी तरफ सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने जंतर-मंतर के मंच पर पहुंचकर आंदोलनकारी युवाओं और छात्रों को संबोधित किया. इंकलाब जिंदाबाद और छात्र एकता जिंदाबाद के नारों के बीच धर्मेंद्र यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा 'जंतर-मंतर की इस ऐतिहासिक सरजमीं पर आज पूरा देश और दुनिया के वो लोग जो लोकतंत्र और मानवता में विश्वास रखते हैं. सोनम जी की सेहत को लेकर चिंतित हैं. मैं आज अपने नेता आदरणीय अखिलेश यादव जी की तरफ से इस आंदोलन को पूरा समर्थन देने आया हूं. पूरा देश जानता है कि अगर छात्रों और बेरोजगारों की इस देश में कोई सबसे ज्यादा चिंता करता है, तो वो अखिलेश यादव हैं.'

धर्मेंद्र यादव ने देश में बढ़ रही बेरोजगारी और परीक्षाओं में हो रहे घोटालों पर सरकार को घेरते हुए कहा 'पिछले 10 सालों के अंदर देश में लगभग 86 पेपर लीक हुए हैं जिससे 6 करोड़ से ज्यादा नौजवानों का भविष्य सीधा प्रभावित हुआ है. इस अन्याय के खिलाफ हमारे युवाओं ने जो लड़ाई छेड़ी है और जिसके लिए सोनम जी पिछले कई दिनों से आमरण अनशन पर हैं, समाजवादी पार्टी उस संघर्ष को सलाम करती है. यह भारतीय जनता पार्टी की गूंगी और बहरी सरकार है जिसे जगाने के लिए यह सत्याग्रह बेहद जरूरी है.'

20 जुलाई के संसद मार्च पर टिकी सबकी नजरें

समाजवादी पार्टी की तरफ से इससे पहले युवा सांसद पुष्पेंद्र सरोज और प्रिया सरोज भी जंतर-मंतर आकर अपना समर्थन दे चुके हैं. सपा के इस चौतरफा समर्थन के बाद अब असली परीक्षा 20 जुलाई को होने वाली है. सोनम वांगचुक और आंदोलनकारी छात्रों ने एलान किया है कि 20 जुलाई को वे जंतर-मंतर से संसद भवन तक एक विशाल पैदल मार्च निकालेंगे. अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा इस बात की है कि इस ऐतिहासिक संसद मार्च में समाजवादी पार्टी जमीनी स्तर पर कितनी बड़ी भागीदारी निभाती है. क्योंकि इस आंदोलन ने अब दिल्ली की सत्ता के गलियारों में हलचल तेज कर दी है.