2027 चुनाव से पहले पलटी मार जाएंगे संजय निषाद, भाजपा छोड़ जाएंगे सपा के साथ? इस एक बयान ने गर्म की यूपी की राजनीति

कुमार अभिषेक

• 08:45 AM • 16 Jul 2026

UP Political News: यूपी तक के खास शो 'आज का UP' में जानिए आज की तीन बड़ी राजनीतिक खबरें. पंकज चौधरी के योगी पर बयान, संजय निषाद के बीजेपी-एसपी को संकेत और ओम प्रकाश राजभर पर उनके तीखे हमले का पूरा विश्लेषण.

Photo: Sanjay Nishad and Akhilesh Yadav

Photo: Sanjay Nishad and Akhilesh Yadav

Google CTA

UP Political News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में कई ऐसे घटनाक्रम सामने आए, जिन्होंने सियासी हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया. यूपी Tak के खास शो 'आज का UP' में राज्य की तीन बड़ी राजनीतिक खबरों का विश्लेषण किया गया. पहली खबर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के उस बयान से जुड़ी रही, जिसमें उन्होंने 2027 के चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चेहरा बताए जाने के सवाल पर सीधा जवाब नहीं दिया. दूसरी खबर एनडीए सहयोगी और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के उस बयान की रही, जिसमें उन्होंने कहा कि वे बीजेपी के 'बरामदे' में बैठे हैं और अगर दरवाजा नहीं खुला तो विकल्पों पर विचार करना पड़ेगा. वहीं तीसरी बड़ी खबर संजय निषाद के ओम प्रकाश राजभर पर दिए गए तीखे बयान से जुड़ी रही, जिसमें उन्होंने अतरौलिया सीट और राजनीतिक सलाहकारों को लेकर खुलकर निशाना साधा.

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी के नाम पर पंकज चौधरी का जवाब बना चर्चा का विषय

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का एक बयान उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया. उनसे सवाल किया गया कि क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और क्या योगी ही पार्टी का चेहरा होंगे.

इस पर पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन आधारित पार्टी है और परिवारवाद में विश्वास नहीं करती. उन्होंने कहा कि पार्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह जैसे कई वरिष्ठ नेता हैं. पार्टी सभी के साथ मिलकर चुनाव लड़ती है और उसके बाद मुख्यमंत्री का फैसला होता है.

उनके इस जवाब के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई, क्योंकि हाल ही में बीजेपी की ओर से यह संकेत दिया गया था कि उत्तर प्रदेश में पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव मैदान में उतरेगी. ऐसे में पंकज चौधरी के बयान को लेकर अलग-अलग तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

संजय निषाद बोले- 'हम बीजेपी के बरामदे में बैठे हैं'

'आज तक' के कार्यक्रम में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने गठबंधन की राजनीति पर भी खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि राजनीति समाज को अधिकार दिलाने का माध्यम है. संजय निषाद ने अपने पुराने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वह पहले समाजवादी पार्टी के साथ थे, बाद में बीजेपी के साथ आए. उन्होंने कहा कि फिलहाल वे बीजेपी के साथ हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मजबूत करने का काम कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे बीजेपी के "घर के अंदर नहीं, बल्कि बरामदे में बैठे हैं."

संजय निषाद ने कहा कि अगर बीजेपी दरवाजा बंद करेगी और समाजवादी पार्टी दरवाजा खोलेगी तो समाज के हित को देखते हुए विकल्पों पर विचार करना पड़ेगा. हालांकि उन्होंने किसी दल में जाने की स्पष्ट घोषणा नहीं की.

ओम प्रकाश राजभर पर भी बरसे संजय निषाद

कार्यक्रम के दौरान संजय निषाद ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर फैसला कोई अकेले नहीं कर सकता. अगर सीटों को लेकर कोई निर्णय होगा तो वह गठबंधन के स्तर पर बातचीत के बाद ही होगा.

संजय निषाद ने कहा कि राजनीतिक सफलता काफी हद तक सलाहकारों पर भी निर्भर करती है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अच्छे सलाहकार जीत दिलाते हैं, जबकि गलत सलाहकार नुकसान पहुंचा सकते हैं. उनका कहना था कि किसी दूसरी पार्टी का टिकट लेने से निषाद समाज का वोट स्वतः नहीं मिल जाएगा.

उन्होंने यह भी कहा कि उनके सभी मुद्दों पर गठबंधन के भीतर बातचीत से समाधान निकल सकता है और उन्हें भरोसा है कि उनके संबंध बीजेपी के साथ मजबूत हैं. साथ ही उन्होंने दोहराया कि उन्हें किसी भी हाल में 'टेकन फॉर ग्रांटेड' नहीं लिया जाना चाहिए.

यहां देखें पूरा शो