Akhilesh Yadav call to Sonam Wangchuk: दिल्ली का जंतर-मंतर इस वक्त देश की सियासत का सबसे बड़ा अखाड़ा बन चुका है. एक तरफ नीट पेपर लीक घोटाले के खिलाफ युवाओं और छात्रों का भयंकर गुस्सा उबल रहा है. वहीं दूसरी तरफ पिछले 18 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे विश्वविख्यात सामाजिक कार्यकर्ता और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत ने केंद्र सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. लेकिन इस पूरे आंदोलन में असली हड़कंप तब मच गया जब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने लखनऊ से दिल्ली एक सीक्रेट कॉल घुमा दिया. अखिलेश के इस एक फोन कॉल ने न सिर्फ बीजेपी खेमे में खलबली मचा दी है बल्कि इसे उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अखिलेश यादव का सबसे बड़ा मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है. सपा के सांसद और विधायक जंतर-मंतर पर डेरा डाले हुए हैं और अब खुद अखिलेश यादव के दिल्ली कूच करने की खबरें तेज हैं.
ADVERTISEMENT
18 दिन से अनशन पर सोनम वांगचुक
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन लगातार आक्रामक होता जा रहा है. नीट पेपर लीक के बाद खड़े हुए इस आंदोलन को तब बड़ी ताकत मिली जब सोनम वांगचुक युवाओं के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठ गए. सोशल मीडिया पर जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर है और लोग वांगचुक की सेहत को लेकर सरकार को घेर रहे हैं.
इस बहती सियासी गंगा में समाजवादी पार्टी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है. सपा की तरफ से कौशांबी के युवा सांसद पुष्पेंद्र सरोज, जौनपुर की सांसद प्रिया सरोज और सरधना के विधायक अतुल प्रधान जैसे बड़े चेहरे जंतर-मंतर पर हुंकार भर रहे हैं. प्रिया सरोज ने मंच से साफ कहा 'आज मैं यहां सांसद के रूप में नहीं बल्कि एक युवा के रूप में खड़ी हूं. डरना नहीं है, लड़ना है और आपकी आवाज मैं सदन के अंदर भी उठाऊंगी.'
अखिलेश यादव का वो फोन कॉल और अभिजीत दीपके का ट्वीट
सपा नेताओं की जंतर-मंतर पर मौजूदगी से सियासी पारा चढ़ा ही था कि अखिलेश यादव ने सीधे सोनम वांगचुक को फोन मिला दिया. इस बातचीत की पुष्टि खुद आंदोलन के सूत्रधार अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके की. अभिजीत दीपके ने लिखा 'समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोनम सर से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना और CJP के आंदोलन को अपना खुला समर्थन दिया. देश के युवाओं के साथ मजबूती से खड़े होने के लिए मैं अखिलेश सर का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं.'
अनशन तोड़ें और नई ऊर्जा से बीजेपी के खिलाफ लड़ें-अखिलेश
सोनम वांगचुक से बात करने के बाद अखिलेश यादव ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर एक लंबी-चौड़ी पोस्ट लिखी. अखिलेश ने वांगचुक से अनशन तोड़ने की भावुक अपील करते हुए लिखा 'श्री सोनम वांगचुक जी से फोन पर बात करके उनके स्वास्थ्य के बारे में जाना और उनसे अनशन तोड़ने की अपील की. उनके सत्याग्रह को हमारा खुला समर्थन है. उनके नैतिक बल की देश को बहुत आवश्यकता है. इसलिए वह अनशन तोड़कर कुछ दिन स्वास्थ्य लाभ लें और नई ऊर्जा का संचय करके पुनः नए आंदोलन में जुट जाएं. मेरा उनसे सविनय आग्रह है कि वह नकारात्मक, भ्रष्ट, बेईमान, लोकतंत्र विरोधी और सांप्रदायिक भाजपा के विरुद्ध हो रहे आंदोलनों को पूरे देश में विस्तारित कर जन एकजुटता की अखंड कड़ी बनें.'
मंदिर में चोरी और नीट का 'घोटाला- अखिलेश का तीखा तंज
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में इन दिनों यूपी की राजनीति में गरमाए अयोध्या में चढ़ावा चोरी के मुद्दे को भी लपेट लिया. उन्होंने तंज कसते हुए आगे लिखा 'नीट की परीक्षा के घोटाले के बाद मंदिर में चोरी के महापाप का भंडाफोड़ भी एक गहरा दिव्य संकेत है. डॉक्टर को धरती पर भगवान के रूप में देखा जाता है. हम सब तो मंदिर और मेडिकल दोनों के गहरे संबंध में विश्वास रखते हैं. जिस तरह संपूर्ण विश्व का मीडिया सोनम वांगचुक जी के लिए चिंतित दिखाई दे रहा है, उससे भाजपा राज में दुनिया भर में हमारे देश की डेमोक्रेटिक इमेज बुरी तरह से खंडित हो रही है.'
20 जुलाई को दिल्ली जाएंगे अखिलेश?
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सपा विधायक अतुल प्रधान ने एक बड़ा दावा किया है कि आगामी 20 जुलाई को खुद अखिलेश यादव जंतर-मंतर जाएंगे और युवाओं के इस मूवमेंट को व्यक्तिगत रूप से अपना समर्थन देंगे.
ADVERTISEMENT











