गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर ने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 में एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है. 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पोषण माह के दौरान जिले में लगभग 4 लाख 05 हजार गतिविधियों का आयोजन कर उनकी फीडिंग की गई, जिसके आधार पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है.
ADVERTISEMENT
जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी के मार्गदर्शन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्र के नेतृत्व में बाल विकास विभाग, सहयोगी विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयास से यह उपलब्धि संभव हुई.
पोषण माह एवं पोषण पखवाड़ा गतिविधियों के आयोजन एवं फीडिंग में जनपद लगातार हासिल करता रहा है प्रथम स्थान
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्र ने बताया कि यह उपलब्धि किसी एक वर्ष की नहीं है. वर्ष 2023 पोषण माह में ओवर ऑल फीडिंग में, पोषण माह 2024 में विभागीय फीडिंग में और 2024 में पोषण पखवाड़ा में ओवर ऑल फीडिंग, वर्ष 2025 में भी पोषण माह व पोषण पखवाड़ा में तथा वर्ष 2026 में पोषण पखवाड़ा में भी गोरखपुर प्रदेश में प्रथम रहा था. इसी क्रम को जारी रखते हुए इस वर्ष भी पोषण माह में जिले ने अपना वर्चस्व कायम रखा है.
उन्होंने इस सफलता का श्रेय जिले की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, सुपरवाइजर, ब्लॉक समन्वयक और सीडीपीओ को देते हुए सभी को बधाई दी.
यह भी पढ़ें- कस्तूरबा विद्यालयों में शुरू होगा 'प्रोजेक्ट प्रवीण', यूपी में बेटियों को शिक्षा के साथ मिलेगा रोजगार का अवसर
थीम: "हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी"
इस वर्ष पोषण माह की थीम "हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी" रही. माह भर पोषण संबंधी विविध गतिविधियों के माध्यम से सही पोषण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया.
गोरखपुर की संध्या सिंह को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान
इस बार का पोषण माह गोरखपुर के लिए विशेष गौरवपूर्ण रहा. वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री द्वारा पोषण माह का शुभारंभ किया गया.
यह भी पढ़ें- योगी सरकार में स्वच्छ-हरित विद्यालयों पर जोर, यूपी के 1.88 लाख स्कूलों का स्व-मूल्यांकन पूरा
उद्घाटन सत्र में खजनी विकास खंड के बसियाखोर गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री संध्या सिंह को टेक होम राशन वितरण में पूरे भारत में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के लिए सराहा गया. पूरे देश से चयनित 4 सर्वश्रेष्ठ कार्यकत्रियों (तमिलनाडु, गुजरात, ओडिशा और उत्तर प्रदेश) से मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने संवाद किया, जिसमें उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व गोरखपुर की संध्या सिंह ने किया. मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकत्रियों को इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया.
सेवा संकल्प अभियान में आंगन मिलन सेवा पर विशेष जोर
पोषण माह के साथ ही सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गतजनपद के हर विकास खंड में पोषण रेसिपी प्रतियोगिता, पोषण क्विज़, पोषण रंगोली, पोषण मेहंदी और वेस्ट मटेरियल से स्वदेशी खिलौने बनाने का प्रदर्शन हुआ. इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ी वितरण, प्री-स्कूल किट वितरण और उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को सम्मानित भी किया गया.
यह भी पढ़ें- योगी सरकार की पहल से बालिकाओं में आत्मसम्मान, स्वास्थ्य जागरूकता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर
जनप्रतिनिधियों की रही व्यापक भागीदारी
अभियान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के अलावा जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, जनपद के समस्त विधायकगण और सभी ब्लॉक प्रमुखों ने सक्रिय सहभागिता की.
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस अभियान में यूनिसेफ, रॉकेट लर्निंग सहित अन्य संस्थाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. जिलाधिकारी ने शीघ्र ही अभियान से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित करने की बात कही है.
ADVERTISEMENT











