विजयादशमी पर सीएम योगी का संदेश, बोले- यह पर्व अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक

यूपी तक

• 01:29 PM • 19 Oct 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों और सत्य-सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया.

CM Yogi Adityanath

(File Photo-ITG)

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी का यह पावन पर्व समाज को अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का शाश्वत संदेश देता है.

यह भी पढ़ें...

मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने विजयादशमी के ही दिन अधर्म और अन्याय के प्रतीक रावण का संहार कर धर्म की स्थापना की थी. यह पर्व भारतीय संस्कृति में सत्य, न्याय और धर्म के प्रति हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है.

भगवान श्रीराम का जीवन सत्य और मर्यादा का मार्ग दिखाता है

सीएम योगी ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय जीवन-मूल्यों के सर्वोच्च आदर्श हैं. उनका जीवन हमें सत्य, मर्यादा, न्याय, त्याग, परोपकार और लोक कल्याण के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित होने की प्रेरणा देता है. श्रीराम का चरित्र हमें सिखाता है कि किस प्रकार अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए समाज और राष्ट्र हित में निरंतर कार्य करना चाहिए.

अहंकार और नकारात्मकता त्यागने का संदेश

मुख्यमंत्री ने नवरात्रि और विजयादशमी के सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आदिशक्ति माँ दुर्गा की नौ दिनों तक आराधना के बाद मनाया जाने वाला विजयादशमी का पर्व शक्ति और धर्म की विजय का उत्सव है. यह पर्व हमें अपने जीवन से अहंकार, अन्याय और नकारात्मक प्रवृत्तियों को समाप्त कर सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.

सीएम योगी ने अपील की कि सभी प्रदेशवासी पर्व की गरिमा और पवित्रता को बनाए रखते हुए इसे पूरी श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह पर्व उत्तर प्रदेश में शांति, सौहार्द और समृद्धि को और अधिक सुदृढ़ करे.

ये भी पढ़ें: पोषण माह-2026 में गोरखपुर पुनः प्रदेश में अव्वल, 4.05 लाख गतिविधियों की फीडिंग कर जिले ने हासिल किया प्रथम स्थान