SP Congress Alliance 2027 News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार, 15 जुलाई को आयोजित 'पंचायत आजतक उत्तर प्रदेश' कार्यक्रम में कांग्रेस ने प्रदेश की राजनीति, इंडिया गठबंधन, इमरान मसूद के हालिया बयानों, समाजवादी पार्टी से रिश्तों और योगी सरकार पर कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी. कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम शामिल हुए. दोनों नेताओं ने साफ कहा कि इमरान मसूद पार्टी के मजबूत नेता हैं और कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है. साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती से बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
अजय राय ने इमरान मसूद पर क्या कहा?
कार्यक्रम में इमरान मसूद के हालिया बयानों को लेकर सवाल पूछे जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उनका खुलकर बचाव किया. उन्होंने कहा, 'इमरान मसूद हमारे मजबूत साथी हैं. उनकी अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि है. उनके चाचा भी मजबूत नेता रहे हैं. कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़ा है.' हाल के दिनों में इमरान मसूद समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को लेकर लगातार बयान दे रहे हैं, जिस पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है. हालांकि कांग्रेस नेतृत्व ने साफ संकेत दिया कि पार्टी उनके साथ खड़ी है.
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर क्या बोले राजेंद्र पाल गौतम
उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा-कांग्रेस संबंधों पर कहा कि दोनों दल इंडिया गठबंधन के सहयोगी हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में साथ मिलकर भाजपा का मुकाबला करेंगे. उन्होंने कहा, 'समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इंडिया ब्लॉक के साथी हैं. हमारी सपा से कोई लड़ाई नहीं है. हमारी वैचारिक एकता है. इस मुद्दे पर दोनों दलों के नेताओं या कार्यकर्ताओं को अलग-अलग बयान देने की जरूरत नहीं है.' उन्होंने भरोसा जताया कि साझा रणनीति के साथ विपक्ष चुनाव मैदान में उतरेगा.
403 सीटों की तैयारी और चुनावी रणनीति
कांग्रेस की चुनावी तैयारियों पर अजय राय ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने का काम कर रही है. उन्होंने कहा, 'अगर हम खुद मजबूत रहेंगे तभी अपने सहयोगियों को भी ताकत दे पाएंगे.' उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सीमित सीटों पर चुनाव लड़कर बेहतर प्रदर्शन किया और गठबंधन को मजबूती दी. वहीं राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि समय आने पर सहयोगी दल मिलकर साझा घोषणा पत्र तैयार करेंगे.
इमरान मसूद के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस से गठबंधन का फायदा समाजवादी पार्टी को मिला, अजय राय ने 2019 और 2024 के चुनावों का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा, '2019 में समाजवादी पार्टी और बसपा का गठबंधन हुआ था, लेकिन नतीजे सबके सामने हैं. 2024 में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी साथ आए तो परिणाम भी सभी ने देखे.' उन्होंने कहा कि चुनावी आंकड़े बताते हैं कि गठबंधन का असर राजनीतिक रूप से दिखाई दिया.
चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का हमला
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए. अजय राय ने कहा, 'राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की चर्चा गांव-गांव हो रही है. जांच भी करानी पड़ी. हमारा सवाल है कि चंपत राय और अनिल मिश्रा पर कार्रवाई कब होगी?' उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों पर जवाबदेही तय नहीं हुई है.
कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
राजेंद्र पाल गौतम ने उत्तर प्रदेश में होने वाले पुलिस एनकाउंटर पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, 'अगर किसी ने अपराध किया है तो पुलिस उसे गिरफ्तार करे. देश में कानून और संविधान है, उसी के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए.' उन्होंने कहा कि यदि किसी मुठभेड़ की स्थिति बनती है तो पुलिस कानून के दायरे में कार्रवाई करे, लेकिन अपराधियों को सजा देने का अधिकार न्याय व्यवस्था के पास है.
मायावती से मुलाकात पर भी चर्चा
राजेंद्र पाल गौतम ने बसपा प्रमुख मायावती से अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वे डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम की विचारधारा से जुड़े नेताओं का सम्मान करते हैं और इसी भावना से उनका हालचाल जानने गए थे. वहीं अजय राय ने कांग्रेस की विचारधारा पर जोर देते हुए कहा, 'हम सनातनी हैं. जहां भगवान राम और बाबा विश्वनाथ के नाम पर गलत होगा, वहां कांग्रेस पूरी ताकत से आवाज उठाएगी.' उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों और धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर लगातार अपनी बात रखती रहेगी.
ADVERTISEMENT











