CM Yogi Adityanath News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज यानी 15 जुलाई को 'पंचायत आजतक' कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है. यहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हो रहे हैं. कार्यक्रम की शुरुआत 'हैट्रिक लगाएंगे योगी' सत्र से हुई है. इस सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के विकास, सरकार के कार्यों और आगामी चुनाव की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे.
ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश की प्रगति को सभी ने देखा है: सीएम योगी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यहां समाज के अलग-अलग वर्गों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति को सभी ने देखा है और बदलते भारत में उत्तर प्रदेश की भूमिका तथा उसकी संभावनाओं को उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में करीब से अनुभव किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें देश के एक पिछड़े क्षेत्र से संसद में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला था. उस दौरान वे विभिन्न समस्याओं को संसद में उठाने का प्रयास करते थे. उन्होंने कहा कि कभी-कभी यह महसूस होता था कि बीमारी, बिजली की कमी और बेरोजगारी जैसी समस्याएं लोगों की नियति बन गई हैं. उस समय उनके मन में यह सवाल उठता था कि क्या इन समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता.
'उनकी सहानुभूति आज भी माफिया'
सीएम योगी ने कहा, "आज भी आप उनके संस्कार सुनते होंगे. कहते हैं कि अगर सत्ता में आए तो जांच कराएंगे कि माफिया मारे क्यों जा रहे हैं. माफिया पर इतनी सख्ती क्यों हो रही है. यानी उनकी सहानुभूति आज भी उत्तर प्रदेश के नागरिक, व्यापारी और बेटी के प्रति नहीं है. उनकी सहानुभूति आज भी माफिया और उसके गुर्गों के प्रति है. जो या तो जेल में हैं या जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, 'अगर आप 2003 से 2026 तक के 23 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेंगे. पहले मुलायम सिंह जी का कार्यकाल. फिर मायावती जी का कार्यकाल. और फिर पिछले लगभग 9 वर्षों का हमारा कार्यकाल. तब जनता खुद संतुष्टि का स्तर बताएगी.'
यूपी में जो बदलाव हुआ, उसके लिए कोई नई टीम साथ लेकर नहीं आया: सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 में उत्तर प्रदेश की कमान संभालने का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी में जो बदलाव दिखाई दे रहा है, उसके लिए वह कोई नई टीम अपने साथ लेकर नहीं आए थे. उन्होंने कहा कि जब उन्हें दिल्ली से उत्तर प्रदेश भेजा गया, तब वह सांसद थे, लेकिन उनके साथ दिल्ली से एक भी व्यक्ति नहीं आया.
उन्होंने आगे कहा कि वह गोरखपुर से लगातार पांच बार सांसद रहे, लेकिन वहां से भी कोई व्यक्ति उनके साथ नहीं आया. लखनऊ में जो टीम पहले से मौजूद थी, उसी के साथ उन्होंने काम किया और उसकी कार्यशैली व मानसिकता बदलने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि आज उसके परिणाम सभी के सामने हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि यही बातें नौ वर्ष पहले कही जातीं या उस समय का कोई मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के बारे में ऐसे दावे करता, तो लोग उस पर हंसते, लेकिन आज लोग उन बातों पर तालियां बजाते हैं.
'प्रदेश की जीडीपी तीन गुना हुई है, प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है'
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को पहचान के संकट से बाहर निकालने का काम किया है. उन्होंने दावा किया कि राज्य की अर्थव्यवस्था पहले निचले राज्यों में गिनी जाती थी, जबकि अब यह शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जीडीपी तीन गुना हुई है, प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और महिला कार्यबल में भी तीन गुना वृद्धि हुई है.
मुख्यमंत्री ने सिंचाई और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि बाणसागर परियोजना जैसी लंबे समय से लंबित योजनाओं को उनकी सरकार ने पूरा कराया. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को खेती के लिए 10 घंटे मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है.
गन्ना किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच 29 चीनी मिलें बंद हुईं और 21 चीनी मिलें बेची गईं. उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार बनी थी, तब गन्ना मूल्य का लगभग 10 वर्ष का भुगतान लंबित था. मुख्यमंत्री के अनुसार, उनकी सरकार ने पिछले वर्षों में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान किया है.
'किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा भी पढ़वा देते'
सीएम योगी ने कहा, "जिन लोगों ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाईं वे आस्था की बात करते हैं. जिन लोगों ने पवित्र हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाकर के पूरे वातावरण को विषाक्त करने का काम किया... भई अगर आप सेकुलर थे, एक जगह आप नमाज पढ़वा रहे थे तो किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ भी करवा देते. दोनों एक साथ होता तो लगता दोनों लोग सहमत हैं. लेकिन ये वन वे चल रहा था. वो आज आस्था की बात कर रहे हैं."
सीएम योगी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर बोला हमला
बिना नाम लिए सीएम योगी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा चीफ अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा, "एक गरीब की पीड़ा को नहीं समझ सकते. सौभाग्य से या दुर्भाग्य से इन दोनों राजकुमारों ने जहां जन्म लिया है, जन्म से दोनों को चांदी की चम्मच से खाने की आदत रही है. देर से सोकर उठने की आदत रही है, उनको सूर्योदय का आनंद नहीं होगा, उनको तो ये उनकी नींद में खलल डालने जैसा होता है. गर्मी कैसे होती है? दोनों को नहीं पता है. बरसात की पीड़ा क्या होती है उनको नहीं पता है. क्योंकि आनंद लेने के लिए कोई ऑस्ट्रेलिया तो कोई यूएस की यात्रा में जाता है. ये पैसा किसका है? जनता के पैसे को लेकर के आप फोरन की यात्रा कर रहे हैं. यहां आईना दिखा कर के समाज को बांटने का पाप करते हैं. जातीय खेमों में बांटकर के जाती को जाती से लड़ा कर के सामाजिक ताने बाने को छिन्न भिन्न करके सत्ता हत्याने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन ये जनता है आपके सारे करतूतों को जानती है. अब आपको माफ करने वाली नहीं है."
यूपी में पहली बार कोई सरकार तीसरी बार लगातार रिपीट करेगी: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा, "पहले एक रिकॉर्ड टूटा, अब एक नया रिकॉर्ड टूटने वाला है. यूपी में पहली बार कोई सरकार तीसरी बार लगातार रिपीट होगी. भाजपा सरकार यूपी के अंदर हैटट्रिक लगाएगी कोई संदेह नहीं होना चाहिए."
ADVERTISEMENT











