गाजीपुर में होटल मालिक आलोक राय के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या, बिंदु होटल के सामने गोलियों से भूना, सामने आई ये वजह

यूपी तक

30 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Ghazipur Vineet Rai Murder Case: गाजीपुर में देर रात एक होटल व्यवसायी आलोक राय के बेटे विनीत राय उर्फ हनी राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के सामने हुई

Ghazipur Hotel Murder Case

Ghazipur Hotel Murder Case News

Google CTA

Ghazipur Hotel Murder Case: गाजीपुर में देर रात एक होटल व्यवसायी आलोक राय के बेटे विनीत राय उर्फ हनी राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के सामने हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस के अनुसार यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है. घटना के बाद मौके पर डीआईजी वैभव कृष्ण भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

यह भी पढ़ें...

होटल के सामने हुई फायरिंग

जानकारी के अनुसार बिंदु होटल के मालिक आलोक राय के बेटे विनीत राय होटल का संचालन देखते थे. देर रात दो बाइक पर सवार चार बदमाश होटल पहुंचे और स्टाफ से बीयर की मांग करने लगे. इसी दौरान जैसे ही विनीत राय होटल से बाहर आए, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए.

पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला करीब ढाई साल पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है. वर्ष 2024 में होटल में तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसमें शंकर पाण्डेय और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. मृतक के परिजनों ने भी शंकर पाण्डेय समेत चार लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है. पुलिस इस एंगल पर गंभीरता से जांच कर रही है.

आरोपियों की तलाश तेज हुई

एसपी गाजीपुर डॉ. इरज राजा ने बताया कि हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं. पुलिस की टीमें बिहार समेत आसपास के जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.

इलाके में तनाव और पुलिस की सख्ती

इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है. स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं. वहीं पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं.