Sonam Wangchuk secret message: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान हुए भारी हंगामे और लाठीचार्ज के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद जहां दिल्ली पुलिस ने 4 एफआईआर दर्ज कर 70 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है. वहीं 118 पुलिसकर्मियों के घायल होने का दावा किया गया है. इस बीच शनिवार सुबह अचानक जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाए गए सोनम वांगचुक को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. प्रदर्शनकारी नेता अभिजीत दीपके के मुताबिक, पुलिस भले ही वांगचुक से मिलने नहीं दे रही है लेकिन उन्होंने अस्पताल से एक लेटर भिजवाकर अपना अनशन जारी रखने का बड़ा ऐलान किया है.
ADVERTISEMENT
अस्पताल से सोनम वांगचुक का मैसेज
जंतर-मंतर पर लगातार 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को पुलिस ने शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया था. कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि पुलिस वांगचुक से किसी को मिलने नहीं दे रही है. हालांकि सोनम वांगचुक ने एक लेटर भेजकर साफ किया है कि पुलिस द्वारा छात्रों पर की गई बर्बरता के विरोध में उनका अनशन अस्पताल में भी लगातार जारी रहेगा.
सफदरजंग अस्पताल का हेल्थ बुलेटिन
मंगलवार सुबह अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक का ब्लड शुगर लेवल लगातार गिर रहा है. वे ड्रिप और ग्लूकोज लेने से साफ इनकार कर रहे हैं और केवल ओरल पोटैशियम ले रहे हैं. लंबे अनशन के कारण उनके शरीर में डिहाइड्रेशन और कमजोरी बढ़ गई है जिससे डॉक्टरों ने उन्हें कड़ी मेडिकल निगरानी में रखा है.
अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान
जंतर-मंतर पर देर रात तक पुलिस बल की बढ़ती तैनाती के बीच अभिजीत दीपके ने साफ कर दिया कि आंदोलन खत्म नहीं होगा. अभिजीत ने आरोप लगाया कि पुलिस ने युवाओं के सिर फोड़ दिए और बर्बरता की हदें पार कर दीं. उन्होंने कहा '20 से ज्यादा बच्चों की मौतों के बाद भी सरकार का मन नहीं भरा है, ये और बच्चों को मारना चाहते हैं.
अभिजीत ने ऐलान किया कि अब उनका डेलीगेशन सरकार के पास बातचीत के लिए नहीं जाएगा. अगर सरकार को छात्रों की मांगें सुननी हैं और बात करनी है तो उसके प्रतिनिधियों को खुद जंतर-मंतर आना पड़ेगा.
जंतर-मंतर बवाल पर गरमाई यूपी की राजनीति
संसद में चंद्रशेखर, सड़क पर डिंपल छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद यूपी के राजनीतिक गलियारों में भी उबाल आ गया है. आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद छात्रों के समर्थन में संसद परिसर स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे रातभर भारी बारिश में छाता लेकर धरने पर बैठे रहे. उन्होंने कहा कि छात्रों की अनदेखी भारी पड़ेगी और अब हर तरफ आंदोलन होगा.
जंतर-मंतर पर हुए इस बवाल के दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव भी ग्राउंड जीरो पर छात्रों के समर्थन में मौजूद रहीं. इस दौरान उन्हें डिटेन किए जाने की खबरें भी सामने आईं जिसके बाद सपा लगातार केंद्र सरकार को घेर रही है.
दिल्ली पुलिस का एक्शन
दिल्ली पुलिस का कहना है कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुई हिंसा में पुलिस उपायुक्त (DCP) स्तर के अधिकारियों समेत लगभग 118 पुलिसकर्मी और जवान घायल हुए हैं. पुलिस ने इस पूरे उपद्रव के मामले में अब तक 4 मुकदमे दर्ज किए हैं और 2 अन्य एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. 70 से ज्यादा उपद्रवियों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT











