UP Weather: उत्तर प्रदेश में 25 सितंबर को मौसम का मिजाज फिर बदलता नजर आएगा. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी में ज्यादातर जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है.
ADVERTISEMENT
बारिश के साथ तेज हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. मौसम विभाग ने 25 सितंबर के लिए दोनों हिस्सों में अलग-अलग चेतावनी जारी की है. ऐसे में बाहर निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर देख लें.
पूर्वी यूपी में तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की सामान्य गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जबकि झोंकों के दौरान इसकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
पश्चिमी यूपी में भी बारिश और तेज हवा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 सितंबर को कुछ जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. यहां भी तेज सतही हवाओं की संभावना है. हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. इसके अलावा कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.
किन जिलों पर नजर?
लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोंडा, बस्ती, संतकबीरनगर, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है.
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है. न्यूनतम तापमान में भी अगले तीन दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है.
ADVERTISEMENT











