उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 34 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. इस बड़ी प्रशासनिक फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा मुरादाबाद के जिलाधिकारी (DM) आईएएस राजेंद्र पेंसिया के तबादले को लेकर हो रही है. मुरादाबाद में महज 4 महीने का कार्यकाल पूरा करने के बाद उन्हें पद से हटाकर विशेष सचिव (कारागार) की जिम्मेदारी सौंपी गई है. शासन ने आईएएस अनुनय झा को मुरादाबाद जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है.
ADVERTISEMENT
4 महीने में तबादला बनी चर्चा की मुख्य वजह
आईएएस राजेंद्र पेंसिया अपने सख्त और कड़े फैसलों के लिए जाने जाते हैं. संभल जिले में अपने 26 महीनों के सफल और चर्चित कार्यकाल के बाद उन्हें मुरादाबाद का डीएम बनाया गया था, जिसे प्रशासनिक गलियारों में एक बड़ी और अहम पोस्टिंग माना गया. हाल ही में जब मुरादाबाद के चर्चित कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह का तबादला हुआ था, तब कुछ समय के लिए राजेंद्र पेंसिया ने मुरादाबाद मंडलायुक्त (कमिशनर) का प्रभार भी संभाला था. ऐसे में महज 4 महीने के भीतर मुरादाबाद से हटाकर विशेष सचिव बनाए जाने से प्रशासनिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
संभल में कड़े और ऐतिहासिक फैसलों से आए थे सुर्खियों में
राजेंद्र पेंसिया संभल के जिलाधिकारी के रूप में अपने 26 महीनों के कार्यकाल के दौरान काफी सुर्खियों में रहे थे. इस दौरान उन्होंने कई कड़े, ऐतिहासिक और साहसिक फैसले लिए थे, जिसके कारण उनकी पहचान एक सख्त और नकेल कसने वाले अफसर के रूप में बनी. संभल के बाद ही उन्हें मुरादाबाद जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
कौन हैं आईएएस राजेंद्र पेंसिया?
मूल निवासी व जन्म: 1983 में जन्मे आईएएस राजेंद्र पेंसिया मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रहने वाले हैं.
कैडर और बैच: वह 2015 बैच के यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी हैं.
शैक्षणिक योग्यता: उन्होंने बी.कॉम (B.Com) तक की शिक्षा प्राप्त की है.
शुरुआती तैनाती: उनकी पहली फील्ड पोस्टिंग साल 2016 में मिर्जापुर जिले में सहायक मजिस्ट्रेट/सहायक कलेक्टर के रूप में हुई थी.
प्रमुख पद: संभल और मुरादाबाद का डीएम बनने से पहले वे शासन में विशेष सचिव (नगरीय विकास) के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
ADVERTISEMENT











