गाजियाबाद के मोहन नगर में आईटीएस कॉलेज के पास स्थित मशहूर ‘गरम धरम’ रेस्टोरेंट की रसोई में बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा. कुछ दिन पहले यहां एक ग्राहक की सब्जी में मरा हुआ कॉकरोच मिलने की शिकायत सामने आई थी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और टीम को जांच के लिए भेजा.
ADVERTISEMENT
जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम को रसोई में गंदगी मिली. डीप फ्रीजर भी टूटा हुआ था और उसके अंदर कीड़े पाए गए. अधिकारियों के मुताबिक, रसोई में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. टीम ने मस्टर्ड ऑयल, पानी, पनीर और सॉस समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं.
सब्जी में मिला था मरा कॉकरोच
मामला तब सामने आया था, जब दिव्या परिहार अपने भाई गोपाल समेत छह लोगों के साथ बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए रेस्टोरेंट पहुंची थीं. खाना खाने के दौरान उनकी टेबल पर परोसी गई सब्जी में मरा हुआ कॉकरोच मिला.
दिव्या के मुताबिक, उन्होंने इसकी शिकायत रेस्टोरेंट के स्टाफ और मैनेजर से की. उनका कहना है कि करीब आधे घंटे तक बहस के बाद स्टाफ ने माफी मांगकर मामला खत्म करने की कोशिश की. दिव्या का आरोप है कि उन्हें न तो शेफ से मिलवाया गया और न ही भरोसा दिलाया गया कि जिस सब्जी में कॉकरोच मिला था, उसे दूसरे ग्राहकों को नहीं परोसा जाएगा.
दिव्या के मुताबिक, वीडियो बनने से पहले स्टाफ ने टेबल से खाना भी हटा दिया था. हालांकि, उनके पास कॉकरोच की तस्वीर मौजूद है.
करीब 1500 रुपये का था बिल
छह लोगों के खाने का बिल करीब 1500 रुपये बना था. सब्जी में मरा कॉकरोच मिलने के बाद परिवार ने बिल देने से इनकार कर दिया. इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने मामले की जांच शुरू की. बुधवार को एडीएम सिटी विकास कश्यप भी खाद्य विभाग की टीम के साथ रेस्टोरेंट पहुंचे और मौके पर जांच की.
सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे
जांच के दौरान टीम ने मस्टर्ड ऑयल, पानी, पनीर और सॉस के सैंपल लिए हैं. इन सभी को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा. प्रशासन की जांच में शिकायत सही पाए जाने के साथ रसोई में खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां भी मिली हैं.
इसके बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है. साथ ही मानक पूरे होने तक रेस्टोरेंट की रसोई बंद रखने के आदेश दिए गए हैं. खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











