एक ही डिजाइन के घर, पिता आपस में दोस्त... लखीमपुर में महिला टीचर की हत्या के बाद पड़ोसियों ने क्या-क्या बताया?

अभिषेक वर्मा

• 02:47 PM • 22 Sep 2026

लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल का CCTV फुटेज सामने आया है. आरोपी सऊद अंसारी, टीचर निशात फातिमा को बच्चों के सामने घसीटता दिखा.

Lakhimpur Crime News

Lakhimpur Crime News

Google CTA

लखीमपुर खीरी जिले के थाना सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित 'चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल' में हुए सनसनीखेज शूटआउट मामले में एक नया मोड़ सामने आया है. वारदात से जुड़ा एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी सऊद अंसारी स्कूल के बच्चों के सामने से ही महिला टीचर निशात फातिमा को जबरन घसीट कर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है. फुटेज सामने आने के बाद अब स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं.

यह भी पढ़ें...

सोशल मीडिया स्टोरी पर वायरल हुआ था स्क्रीनशॉट

घटना के बाद आरोपी सऊद अहमद का एक सोशल मीडिया स्क्रीनशॉट भी काफी चर्चा में रहा. परिजनों व रिश्तेदारों के अनुसार, आरोपी ने खुद अपनी सोशल मीडिया आईडी से एक स्टोरी लगाई थी, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया. सऊद अंसारी के रिश्तेदार सालिम अंसारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्क्रीनशॉट सऊद के मोबाइल नंबर और उसी की अधिकृत सोशल मीडिया आईडी से ही पोस्ट किया गया था.

एक ही डिजाइन के हैं दोनों के मकान, पिता आपस में थे गहरे दोस्त

घटनास्थल और आसपास की स्थिति का जायजा लेने जब टीम मौके पर पहुंची, तो एक हैरान करने वाली बात सामने आई. आरोपी सऊद अंसारी और मृतका निशात फातिमा का घर बिल्कुल आसपास है और दोनों मकान एक ही डिजाइन के बने हुए हैं.

पड़ोसी तबरेज ने बताया, "निशात फातिमा का परिवार मूल रूप से सुमेर नगर का रहने वाला था, जो बाद में यहां आकर बस गया था. निशात के पिता और सऊद के पिता आपस में बहुत अच्छे दोस्त थे, इसलिए दोनों ने एक साथ एक ही डिजाइन के मकान बनवाए थे. हालांकि, इन परिवारों का मुख्य घर नौरंगाबाद के मशहूर मैदान के पास है, जहां इनके रिश्तेदार आते-जाते रहते हैं."

'बेहद शांत स्वभाव की थी निशात, साल भर से पढ़ा रही थी स्कूल में'

पड़ोसियों के मुताबिक, निशात फातिमा बेहद सीधी और शांत स्वभाव की लड़की थी. वह पिछले एक साल से चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में बतौर शिक्षिका कार्यरत थी. उसका आसपास किसी से कोई ज्यादा लेन-देन नहीं रहता था.

घर पर बेजुबान भी गमगीन: पड़ोसी की गोद में दुबकी बैठी है निशात की बिल्ली

निशात फातिमा की हत्या का असर उनके पालतू जानवर पर भी देखने को मिल रहा है. निशात की एक पालतू बिल्ली है, जिसे उनके परिजन जाते समय पड़ोसी के घर छोड़ गए थे. पड़ोसी तबरेज ने बताया कि निशात की मौत के बाद से ही बिल्ली बेहद गमगीन है. वह न तो किसी से बोल रही है और न ही कल से कुछ खा-पी रही है. वह बार-बार निशात को याद कर रही है और थोड़ा आक्रामक स्वभाव भी दिखा रही है.