1 अक्टूबर से बदल जाएगा सब्सिडी पर मिलने वाले LPG बुकिंग का नियम, अभी करा ले ये काम वरना महंगा हो जाएगा आपका सिलेंडर!

यूपी तक

24 Sep 2026 (अपडेटेड: 24 Sep 2026, 04:25 PM)

LPG Booking New Rule: सरकार 1 अक्टूबर 2026 से घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के नियम में बड़ा बदलाव करने जा रही है. नए नियम के तहत उपभोक्ताओं को सब्सिडी के साथ सिलेंडर बुक करने के लिए 'बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन' (BAA) कराना अनिवार्य कर दिया गया है. जिन उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा नहीं होगा, उन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा.

UP Tak
Google CTA

LPG Booking New Rule: रोजमर्रा की जिंदगी में सब्सिडी पर मिलने वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे उपभोक्ताओं के लिए बड़ी जानकारी आई है. सरकार 1 अक्टूबर 2026 से घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के नियम में बड़ा बदलाव करने जा रही है. नए नियम के तहत उपभोक्ताओं को सब्सिडी पर मिलने वाले सिलेंडर को बुक करने के लिए 'बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन' (BAA) को अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा.

यह भी पढ़ें...

सरकार ने साफ कर दिया है कि जो उपभोक्ता सब्सिडी का लाभ उठाना चाहते हैं, वो 1 अक्टूबर से पहले BAA पूरा कर लें. हालांकि BAA पूरा न होने पर सिलेंडर मिलना बंद नहीं होगा, बस उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर को बाजार के भाव पर खरीदना पड़ेगा. जिससे उन्हें सब्सिडी का फायदा नहीं मिल पाएगा. सरकार ने यह कदम सिर्फ जरूरतमंद परिवारों को सब्सिडी का फायदा देने के लिए उठाया है. 

बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन हुआ अनिवार्य

सरकार ने साफ कर दिया है कि 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले रेट पर सिलेंडर बुक करने के लिए सभी उपभोक्ताओं को अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा. हालांकि जो उपभोक्ता डेडलाइन से पहले बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा नहीं करा पाते हैं, तो उन्हें सिलेंडर बाजार की कीमतों पर मिलता रहेगा, जिससे उन्हें सब्सिडी का फायदा नहीं मिलेगा.

27 करोड़ से ज्यादा लोग करा चुके सत्यापन

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार 19 सितंबर तक देश भर में 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके हैं. यह संख्या कुल एलपीजी यूजर्स का लगभग 89.9 प्रतिशत है. मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने एक बार अपना बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया दोहराने की कोई जरूरत नहीं है.

इस कदम से सरकार को क्या फायदा?

सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर उपभोक्ताओं को लगभग 210 रुपये की अप्रत्यक्ष सब्सिडी मिलती है. सरकार का कहना है कि बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से फर्जी, डुप्लीकेट और अयोग्य कनेक्शन की पहचान करने में मदद मिलेगी. इससे सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक और औद्योगिक कामों में हो रहा गलत इस्तेमाल और कालाबाजारी पूरी तरह से रुक जाएगी.

इन तीन तरीकों से करें बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन

सरकार और तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इस प्रक्रिया को बहुत आसान बनाया है. आप 3 तरीकों से बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा कर सकते हैं.

डिलीवरी के समय: जब डिलीवरी बॉय आपके घर पर सिलेंडर देने आए, तो आप उसके मोबाइल ऐप के जरिए घर पर ही अपना सत्यापन करा सकते हैं.

गैस एजेंसी जाकर: आप अपनी संबंधित गैस एजेंसी के शोरूम पर जाकर भी इस प्रक्रिया को आसानी से पूरा कर सकते हैं.

घर बैठे मोबाइल ऐप द्वारा: उपभोक्ता तेल कंपनियों के आधिकारिक मोबाइल ऐप्स- जैसे इंडेन के लिए 'IndianOil One App', भारत गैस के लिए 'Hello BPCL App' और एचपी गैस के लिए 'HP Pay App' के जरिए भी घर बैठे अपना ऑथेंटिकेशन कर सकते हैं.